मुंबई, तीन नवंबर (ए) महाराष्ट्र के मुंबई की एक विशेष अदालत ने अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर गोलीबारी करने के मामले में गिरोह के वांछित सरगना अनिल पंडित की भाभी को मंगलवार को 16 नवंबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया।
पुलिस ने अदालत को बताया कि मामले के सह-आरोपियों को धन मुहैया कराने के लिए उसके बैंक खाते का इस्तेमाल किया जाता था।
अपराध शाखा ने अदालत को बताया कि सुनेहा पंडित के मोबाइल फोन नंबर से जुड़े बैंक खाते में विदेश के एक क्रिप्टोकरेंसी वॉलेट से धनराशि भेजी गई थी।
इस वॉलेट का संचालन उसका पति अभिषेक करता था और इस धनराशि का इस्तेमाल मामले के सह-आरोपियों के बीच बांटने के लिए किया गया।
सुनेहा को एक नवंबर को हरियाणा से गिरफ्तार किया गया था और इसके बाद ट्रांजिट रिमांड पर उसे मुंबई लाया गया तथा विशेष मकोका अदालत के न्यायाधीश एस. नवनदार के समक्ष पेश किया गया।
मुंबई के जुहू इलाके में 18 अक्टूबर को टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई गोलीबारी के मामले में सुनेहा गिरफ्तार की गई 13वीं आरोपी है।
यह घटना उस समय हुई, जब टाइगर फुटबॉल मैदान से निकल रहे थे।
अभिनेता इस हमले में बाल-बाल बच गए थे, जबकि उनके कार चालक और वहां मौजूद एक व्लॉगर घायल हो गए थे।
पुलिस ने अदालत को बताया कि सुनेहा का पति अभिषेक पंडित विदेश से क्रिप्टोकरेंसी वॉलेट संचालित करता है और जबरन वसूली से जुटाई गई रकम उसमें भेजी जाती थी।
पुलिस के अनुसार, इसके बाद यह रकम सुनेहा के मोबाइल नंबर से जुड़े स्थानीय बैंक खाते में भेजी जाती थी और फिर गिरफ्तार सह-आरोपियों के बीच बांटी जाती थी।
पुलिस ने दलील दी कि सुनेहा इन लेनदेन के बारे में जानती थी और वांछित आरोपियों को पकड़ने के लिए उससे हिरासत में पूछताछ करना जरूरी है।
बचाव पक्ष के वकील अजिंक्य मिरगल ने दलील दी कि आरोपी निर्दोष है और उसका न तो अपराध से कोई लेना-देना है और न ही वह किसी साजिश में शामिल थी।
उन्होंने पुलिस के दावों को बेबुनियाद बताते हुए कहा कि जांचकर्ताओं के पास आरोपी के खिलाफ कोई ठोस सबूत नहीं है।
मिरगल ने कहा कि केवल परिवार पर दबाव बनाने और उससे अपराध स्वीकार कराने के लिए उसे गिरफ्तार किया गया है।
अदालत ने आरोपी को पुलिस हिरासत में भेजते हुए कहा कि साजिश में उसकी भूमिका की जांच के लिए उससे हिरासत में पूछताछ जरूरी है।
