डीआरडीओ ने क्वाजी-बैलिस्टिक मिसाइल ‘प्रलय’ का सफल परीक्षण किया

राष्ट्रीय
Spread the love

नयी दिल्ली: पांच नवंबर (ए) भारत ने पारंपरिक हथियार ले जाने में सक्षम क्वाजी-बैलिस्टिक मिसाइल ‘प्रलय’ का बृहस्पतिवार को सफल परीक्षण किया। मिसाइल का परीक्षण ओडिशा के तट पर स्थित डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम द्वीप से किया गया। रक्षा मंत्रालय ने यह जानकारी दी।

रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) द्वारा विकसित ‘प्रलय’ कम दूरी की सतह से सतह पर मार करने वाली मिसाइल है, जिसकी भार वहन क्षमता 500 से 1,000 किलोग्राम है।

मंत्रालय ने कहा, ‘‘सफल परीक्षण के साथ ही इस प्रणाली को सेना में शामिल किया जाना अब लगभग तय हो गया है।’’

स्वदेशी रूप से विकसित इस क्वाजी-बैलिस्टिक मिसाइल में अत्याधुनिक प्रणाली का इस्तेमाल किया गया है, जिससे यह बेहद सटीक निशाना साध सकती है। यह मिसाइल विभिन्न लक्ष्यों के खिलाफ कई तरह के हथियार ले जाने में सक्षम है।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘डीआरडीओ ने आज पूर्वाह्न 11 बजकर 10 मिनट पर ओडिशा के तट से स्वदेशी रूप से विकसित ‘प्रलय’ मिसाइल का सफल परीक्षण किया। इसने सभी निर्धारित उद्देश्यों को सफलतापूर्वक पूरा किया। विभिन्न परीक्षण उपकरणों से प्राप्त आंकड़ों ने इसकी पुष्टि की है।’’

उन्होंने कहा कि यह सफल परीक्षण भारत की स्वदेशी रक्षा क्षमताओं को मजबूत करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि है।