जनता दर्शन में 125 लोगों से मिले मुख्यमंत्री आदित्यनाथ, समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश

उत्तर प्रदेश गोरखपुर
Spread the love

गोरखपुर (उप्र): नौ नवंबर (ए)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार सुबह गोरखनाथ मंदिर परिसर में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में 125 लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को उनके त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।

एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता बरती जाए और प्रत्येक मामले में समयबद्ध, निष्पक्ष तथा संतोषजनक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे लोगों को आश्वस्त करते हुए कहा, ”चिंता मत करिए। सरकार हर समस्या पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित कराएगी।”

मुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को लोगों के प्रार्थना पत्र सौंपते हुए संबंधित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों को उनके शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।

जनता दर्शन में कुछ लोग इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर भी पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने उन्हें आश्वस्त किया कि धन के अभाव में किसी का इलाज नहीं रुकेगा।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जरूरतमंद मरीजों के बेहतर उपचार के लिए उच्चस्तरीय चिकित्सा संस्थानों से इलाज का अनुमानित खर्च (एस्टीमेट) जल्द तैयार कराया जाए। उन्होंने कहा कि यह ब्यौरा उपलब्ध होते ही सरकार की ओर से तत्काल आर्थिक सहायता मुहैया कराई जाएगी।