श्रीनगर, 11 नवंबर (ए) जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में बुधवार को मोटरसाइकिल सवार आतंकवादियों ने केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की जांच चौकी पर गोलीबारी की जिसमें तीन जवान घायल हो गये और इनमें से एक की हालत गंभीर है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि यह हमला मीर बाजार के निकट अपराह्न लगभग दो बजकर 15 मिनट पर हुआ। उन्होंने बताया कि इलाके की घेराबंदी कर दी गई है और गोलीबारी के बाद फरार हुए हमलावरों की तलाश में बड़े पैमाने पर अभियान चलाया जा रहा है।
अधिकारियों ने बताया कि घायलों को अनंतनाग जिले के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि इनमें से एक जवान के पेट में गोली लगी है और उनकी हालत गंभीर है, जबकि अन्य दो अपेक्षाकृत मामूली रूप से घायल हुए हैं।
उन्होंने बताया कि गोली एक जवान की बांह में लगी, जबकि दूसरे के पैर में लगी है।
घटनास्थल के वीडियो में घायल जवानों को स्ट्रेचर पर अस्पताल ले जाते और चिकित्साकर्मियों को उनकी मदद के लिए तेजी से पहुंचते देखा गया।
हमले के तुरंत बाद इलाके में अतिरिक्त अवरोधक लगाए गए। एंबुलेंस के सायरन बजने और लाउडस्पीकर से स्थानीय लोगों को घरों के अंदर रहने की अपील किए जाने के बीच अतिरिक्त सुरक्षा बल भेजे गए। घटनास्थल के पास बख्तरबंद वाहनों में सुरक्षा कर्मियों को भी देखा गया।
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा भी कुलगाम में मौजूद थे, लेकिन वह हमले वाली जगह के निकट नहीं थे।
इस संबंध में विस्तृत विवरण की प्रतीक्षा है
