गोमती नदी के निकट युवक का शव बरामद, आत्महत्या का संदेह

उत्तर प्रदेश लखनऊ
Spread the love

लखनऊ, 11 नवंबर (ए) लखनऊ के रिवरफ्रंट क्षेत्र में गोमती नदी के पास बुधवार को एक युवक का शव बरामद किया गया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नदी के पुल पर एक दोपहिया वाहन के लावारिस खड़ा होने के बाद मामले की जांच के दौरान नदी के किनारे एक युवक का शव बरामद किया गया, जिसकी पहचान सादतगंज क्षेत्र के रहने वाले मोहम्मद जीशान (27) के रूप में हुई है।

अधिकारियों के मुताबिक 10-11 नवंबर की रात करीब तीन बजे रात्रि गश्त के दौरान पुलिसकर्मियों को समता मूलक चौक और 1090 चौराहे को जोड़ने वाले गोमती के पुल पर एक दोपहिया वाहन खड़ा नजर आया था, जिस पर बंद किया गया एक मोबाइल फोन भी रखा था।

उन्होंने बताया कि पुलिसकर्मियों ने ई-चालान एप्लिकेशन के जरिये वाहन के मालिक का पता लगाया तो वह जीशान के नाम पर था।

हालांकि वाहन के साथ पंजीकृत मोबाइल नंबर पर फोन किया गया तो पता चला है कि उसका इस्तेमाल नही किया जा रहा।

अधिकारियों ने बताया कि पुलिसकर्मियों ने सादतगंज थाने की पुलिस के जरिये जीशान के परिजन से संपर्क किया और बुधवार पूर्वाह्न करीब साढ़े 10 बजे उसके रिश्तेदारों ने थाने पहुंचकर अधिकारियों को बताया कि जीशान ने रात करीब एक बजे अपने रिश्तेदार सैफू को एक वीडियो भेजा था, जिसमें उसने आत्महत्या का इरादा जताया था और इसके लिये अपने ससुराल वालों को जिम्मेदार ठहराया था।

उन्होंने बताया कि इसके बाद, राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल की मदद से नदी में तलाश का अभियान शुरू किया गया और जीशान का शव गोमतीनगर थाना क्षेत्र में गोमती रिवरफ्रंट के नजदीक मिला।

अधिकारियों ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है।