गुरुग्राम, 11 नवंबर (ए) हरियाणा के गुरुग्राम में जेल रोड स्थित एक फैक्टरी में बुधवार को तीन मजदूरों की कथित तौर पर रसायन टैंक में गिरने से मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान गुरुग्राम निवासी नरेश कुमार (50) और बिहार के रहने वाले आरिफ (21) तथा अनिल झा (20) के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, घटना दोपहर के आसपास हुई, जब तीन कर्मचारी संधार कंपनी के परिसर में काम कर रहे थे।
उसने बताया कि तीनों कर्मचारी कथित तौर पर एक रसायन टैंक में गिर गए और जहरीले रसायनों तथा गैसों के संपर्क में आने के बाद बेहोश हो गए।
पुलिस के अनुसार, तीनों कर्मचारियों को टैंक से बाहर निकालकर बादशाहपुर के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें दूसरे अस्पताल में रेफर कर दिया।
उसने बताया कि अस्पताल में इलाज के दौरान तीनों की मौत हो गई।
भोंडसी पुलिस थाने की एक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और यह भी पता लगा रही है कि क्या रसायन टैंक के आसपास सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम थे।
