भारत उन्नत प्रौद्योगिकी के विकास और नवोन्मेष में वैश्विक अगुवा बने: राजनाथ

राष्ट्रीय
Spread the love

नयी दिल्ली, 15 नवंबर (ए) रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को कहा कि भारत को उन्नत प्रौद्योगिकियों का केवल उपयोगकर्ता बनकर नहीं रहना चाहिए बल्कि महत्वपूर्ण क्षेत्रों में इनका विकास करने वाला, नवोन्मेष को बढ़ावा देने वाला और वैश्विक स्तर पर अग्रणी देश भी बनना चाहिए।

सिंह ने बेहतर तैयारियों और आत्मनिर्भरता के लिए देश में किसी सामग्री को नुकसान पहुंचाए बिना उसकी जांच करने वाली प्रौद्योगिकियों से जुड़ी व्यवस्था को मजबूत करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

सिंह ने ‘गैर-विनाशकारी मूल्यांकन एवं सहायक प्रौद्योगिकियों’ पर 36वें वार्षिक सम्मेलन और ‘एयरोस्पेस में गैर-विनाशकारी परीक्षण’ पर 15वीं अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी को ऑनलाइन संबोधित किया।

रक्षा मंत्री ने उन्नत निरीक्षण प्रौद्योगिकियों के क्षेत्र में स्वदेशी क्षमताएं विकसित करने, गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए एक समान प्रक्रियाओं को बढ़ावा देने और विशेष रूप से रणनीतिक उपयोग से जुड़े परीक्षणों के परिणामों की सटीकता, विश्वसनीयता तथा प्रामाणिकता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि रणनीतिक उपयोग से जुड़े परीक्षणों के परिणामों की प्रामाणिकता से कोई समझौता नहीं किया जा सकता।

सिंह ने कहा, ‘‘हमें उन्नत निरीक्षण प्रौद्योगिकियों, विशेष सेंसर, मूल्यांकन उपकरणों और उनसे जुड़े सॉफ्टवेयर के क्षेत्र में अपनी स्वदेशी क्षमताओं को मजबूत करना होगा।’’

उन्होंने कहा, ‘‘इन क्षेत्रों में घरेलू क्षमताएं विकसित करना प्रौद्योगिकी के लिए दूसरे देशों पर निर्भरता कम करने और रक्षा क्षेत्र की महत्वपूर्ण आपूर्ति श्रृंखलाओं को सुरक्षित बनाने के लिए आवश्यक है। हमें पूरे रक्षा उद्योग में गुणवत्ता सुनिश्चित करने की एक समान प्रक्रियाओं को बढ़ावा देना होगा।’’

रक्षा मंत्री ने कहा कि इस प्रयास में सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों, निजी निर्माताओं, स्टार्टअप और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) की महत्वपूर्ण भूमिका है।

उन्होंने कहा, ‘‘हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि निरीक्षण के परिणाम सटीक और विश्वसनीय हों तथा उनकी जांच-पड़ताल की जा सके। ये परिणाम मजबूत प्रक्रियाओं और उचित मानकों पर आधारित होने चाहिए तथा योग्य विशेषज्ञों को इनका मूल्यांकन करना चाहिए।’’

रक्षा मंत्रालय ने बताया कि तेलंगाना के हैदराबाद में ‘इंडियन सोसाइटी फॉर नॉन डिस्ट्रक्टिव टेस्टिंग’ द्वारा आयोजित तीन दिवसीय सम्मेलन में 2,000 से अधिक पेशेवर, शोधकर्ता, उद्योग विशेषज्ञ और विद्यार्थी भाग ले रहे हैं। सम्मेलन में गैर-विनाशकारी परीक्षण (एनडीटी) के क्षेत्र में हालिया प्रगति, उभरती प्रौद्योगिकियों और उनके उपयोग पर चर्चा की जा रही है।

सिंह ने कहा कि गैर-विनाशकारी परीक्षण प्रौद्योगिकियों की मदद से किसी सामग्री, उपकरण के हिस्से या संरचना को नुकसान पहुंचाए बिना उसकी मजबूती और स्थिति की जांच की जा सकती है।उन्होंने इस अवधारणा को समझाते हुए कहा कि जिस तरह अल्ट्रासाउंड और एक्स-रे की मदद से बिना ऑपरेशन किए मानव शरीर की जांच की जा सकती है, उसी तरह गैर-विनाशकारी परीक्षण तकनीकों से महत्वपूर्ण उपकरणों के हिस्सों को खोले या नुकसान पहुंचाए बिना उनमें मौजूद आंतरिक खामियों का पता लगाया जा सकता है।

रक्षा मंत्री ने कहा कि भारत की रक्षा प्रणालियां लगातार अधिक उन्नत होती जा रही हैं और ऐसे में प्रत्येक महत्वपूर्ण सामग्री, उपकरण के हिस्से, विभिन्न हिस्सों को जोड़कर बनाई गई इकाई और निर्माण प्रक्रिया को गुणवत्ता तथा विश्वसनीयता के उच्चतम मानकों पर खरा उतरना चाहिए।

उन्होंने कहा, ‘‘छिपी हुई खामियां रक्षा उपकरणों की परिचालन संबंधी क्षमता को प्रभावित कर सकती हैं, रखरखाव की जरूरत बढ़ा सकती हैं, उपकरणों की उपयोग अवधि कम कर सकती हैं और गंभीर परिस्थितियों में अभियान की सफलता को खतरे में डाल सकती हैं।’’

सिंह ने कहा, ‘‘हमें केवल खामियों की पहचान करने की सोच से आगे बढ़कर उन्हें पहले ही रोकने पर ध्यान देना होगा। इसके लिए विनिर्माण प्रक्रिया के हर चरण में गुणवत्ता सुनिश्चित करनी होगी।’’

उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि किसी देश की प्रगति केवल उसके द्वारा विकसित प्रौद्योगिकियों पर निर्भर नहीं करती, बल्कि उसकी बनाई प्रणालियों की गुणवत्ता, विश्वसनीयता और सुरक्षा पर भी निर्भर करती है।

सिंह ने कहा कि मिसाइल, विमान, नौसैनिक प्लेटफॉर्म और अंतरिक्ष यान सहित रक्षा क्षेत्र में गुणवत्ता केवल विनिर्माण संबंधी आवश्यकता नहीं है, बल्कि परिचालन संबंधी विश्वसनीयता और राष्ट्रीय सुरक्षा का एक अनिवार्य हिस्सा है।

इस क्षेत्र के रणनीतिक महत्व पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में अग्रणी बनने की आकांक्षा रखने वाले देश के लिए गैर-विनाशकारी परीक्षण का महत्व अत्यधिक है।

रक्षा मंत्री ने कहा कि रक्षा क्षेत्र में भारत का ‘आत्मनिर्भरता’ हासिल करने का प्रयास केवल आर्थिक उद्देश्य नहीं, बल्कि रणनीतिक आवश्यकता भी है।

तेजी से बदलते वैश्विक सुरक्षा परिदृश्य के अनुरूप आगे बढ़ने की आवश्यकता पर जोर देते हुए सिंह ने कहा कि स्वदेशी हथियारों, रक्षा प्लेटफॉर्म और सहायक प्रणालियों को हर समय उच्चतम स्तर की विश्वसनीयता और प्रदर्शन सुनिश्चित करना चाहिए।उन्होंने गैर-विनाशकारी परीक्षण क्षेत्र से जुड़े पेशेवरों से उभरती प्रौद्योगिकियों और बदलती सुरक्षा आवश्यकताओं के अनुरूप अपनी क्षमताओं को लगातार बेहतर बनाने तथा नवोन्मेष की भावना बनाए रखने का आग्रह किया।

गैर-विनाशकारी मूल्यांकन के क्षेत्र में हो रहे तकनीकी बदलावों का उल्लेख करते हुए सिंह ने कहा कि कृत्रिम मेधा (एआई), मशीन लर्निंग, रोबोटिक्स, उन्नत सेंसर, डिजिटल ट्विन और पूर्वानुमान संबंधी विश्लेषण जैसी प्रौद्योगिकियों से निरीक्षण और संरचनाओं की स्थिति की निगरानी की संभावनाएं काफी बढ़ रही हैं।

उन्होंने कहा कि इन प्रौद्योगिकियों से निरीक्षण की गति और एकरूपता बेहतर हो सकती है, जटिल आंकड़ों का विश्लेषण आसान हो सकता है और ऐसे पैटर्न की पहचान की जा सकती है, जिनका पारंपरिक तरीकों से पता लगाना आसान नहीं होता।

सिंह ने कहा कि भविष्य में स्थापित निरीक्षण तकनीकों और उन्नत डिजिटल प्रौद्योगिकियों को समझदारी से एकीकृत करना महत्वपूर्ण होगा, ताकि निरीक्षण प्रक्रियाओं को अधिक सटीक, कुशल और उद्योगों की उभरती जरूरतों के अनुरूप बनाया जा सके।

रक्षा मंत्री ने कहा कि भारत को इन प्रौद्योगिकियों को केवल अपनाने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि अपनी रणनीतिक और औद्योगिक जरूरतों के अनुरूप स्वदेशी समाधान भी विकसित करने चाहिए। उन्होंने कहा कि अनुसंधान, उन्नत उपकरणों, सॉफ्टवेयर और कुशल मानव संसाधन में निवेश से घरेलू क्षमताएं मजबूत होंगी तथा भारतीय प्रौद्योगिकियों के लिए अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी अवसर पैदा होंगे।