छठ पूजा के तीसरे दिन श्रद्धालुओं ने डूबते सूर्य को ‘अर्घ्य’ दिया

झारखण्ड रांची
Spread the love

रांची: 15 नवंबर (ए) झारखंड भर में रविवार को हजारों श्रद्धालु नदियों और जलाशयों के घाटों पर एकत्र हुए और डूबते सूरज को ‘अर्घ्य’ देकर ‘छठी मैया’ की पूजा-अर्चना की।

चार दिवसीय छठ पूजा के तीसरे दिन श्रद्धालु पारंपरिक पूजा सामग्री से भरी बांस की टोकरियां लेकर घाटों पर पहुंचे।

सोमवार को उगते सूर्य को दूसरा ‘अर्घ्य’ देने के साथ ही इस महापर्व का समापन होगा।

इससे पहले दिन में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने इस अवसर पर लोगों को शुभकामनाएं दीं।

गंगवार ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘आस्था के महापर्व ‘छठ’ पर सभी श्रद्धालुओं को हार्दिक शुभकामनाएं। डूबते सूर्य को अर्घ्य देना और उगते सूर्य की उपासना करना प्रकृति के प्रति हमारी अटूट आस्था और कृतज्ञता का प्रतीक है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘भगवान भास्कर और छठी मैया सभी व्रतियों को सुख, उत्तम स्वास्थ्य और समृद्धि का आशीर्वाद दें।’’

एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि छठ पूजा के अनुष्ठानों से पहले राज्य भर के तालाबों, बांधों, झीलों और जलाशयों की साफ-सफाई की गई, उन्हें रोशन किया गया और वहां अवरोधकों की व्यवस्था की गई।

उन्होंने बताया कि रांची नगर निगम (आरएमसी) की सीमा के भीतर कुल 72 जल निकायों का इस्तेमाल शहर में छठ घाटों के रूप में किया जा रहा है।