वाशिंगटन: 15 नवंबर (एपी) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने देश भर में उड़ानें ठप होने के मुद्दे पर रविवार को अपनी चुप्पी तोड़ी और इस घटना का इस्तेमाल संसद पर दबाव बनाने के लिए किया, ताकि अमेरिका की वायु परिवहन नियंत्रण प्रणाली का पूरी तरह से उन्नयन करने के लिए निधि मिल सके।
शुक्रवार दोपहर को विमानों की आवाजाही रुकने के बाद से रिपब्लिकन राष्ट्रपति इस मामले पर पूरी तरह खामोश रहे हैं। इसके बजाय, उन्होंने सोशल मीडिया पर बिल्कुल अलग-अलग विषयों पर बयान जारी किए हैं, जबकि परेशान यात्री हवाई अड्डों पर फंसे रहे और सरकार विमान सेवाओं को सामान्य करने के लिए एयरलाइनों के साथ मशक्कत करती रही।
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक नयी पोस्ट में कहा कि उनके प्रशासन ने उस प्रणाली का उन्नयन करना शुरू कर दिया है, लेकिन यह काम ‘‘थोड़ा-थोड़ा करके’’ नहीं होना चाहिए। पिछले साल, रिपब्लिकन के बहुमत वाली कांग्रेस (अमेरिकी संसद) ने पार्टी के बड़े टैक्स कटौती पैकेज के हिस्से के रूप में संघीय विमानन प्रशासन के लिए 12.5 अरब अमेरिकी डॉलर की मंजूरी दी थी, लेकिन परिवहन सचिव शॉन डफी ने बार-बार कहा है कि यह वित्तपोषण पुरानी हो चुकी प्रणाली के व्यापक सुधार के लिए एक शुरुआती भुगतान की तरह है।
ट्रंप ने रविवार को सोशल मीडिया पर लिखा, ‘‘अगर कांग्रेस वायु यातायात नियंत्रण के लिए बहुत ज़रूरी निधि को मंज़ूरी दे देती है, तो हम इसे जल्दी और कुशलता से तैयार कर सकते हैं। यह दुनिया की सबसे बेहतरीन प्रणाली होगी। हमारी मौजूदा प्रणाली का ज़्यादातर हिस्सा 50 साल पुराना है।’’
अमेरिका में हवाई यातायात ठप होने के बाद शनिवार को विमानन कंपनियों ने हजारों उड़ानें रद्द कर दीं, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा और दुनियाभर में हवाई यात्रा प्रभावित हुई।
हालांकि, अमेरिकी संघीय विमानन प्रशासन (एफएए) के प्रमुख ब्रायन बेडफोर्ड ने उम्मीद जतायी कि रविवार रात तक देश में हवाई सेवाएं सामान्य हो जाएंगी। उन्होंने कहा कि संकट का सबसे मुश्किल दौर बीत चुका है। पिछले 25 वर्ष में यह अमेरिका में हवाई यातायात पर लगाई गई सबसे लंबी रोक थी।
अमेरिका के परिवहन मंत्री सीन डफी ने बताया कि यह समस्या उस समय शुरू हुई, जब ठेकेदार कंपनी ‘एल3हैरिस टेक्नोलॉजीज इंक’ हवाई यातायात नियंत्रण प्रणाली में इस्तेमाल होने वाले पुराने तांबे के तारों के एक हिस्से को नए फाइबर ऑप्टिक तारों से बदल रही थी। इस प्रक्रिया के दौरान किसी तरह प्रणाली पर अत्यधिक दबाव पड़ गया जिसे वह संभाल नहीं सकी।
