जम्मू: 17 नवंबर (ए) जम्मू-कश्मीर पुलिस ने पंजाब की फिरोजपुर जेल से फरार हुए अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी गिरोह के एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि आरोपी की पहचान फिरोजपुर के बस्ती रावा बाली निवासी रमणदीप सिंह के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी अमृतसर स्थित स्वापक नियंत्रण ब्यूरो (एनसीबी) की क्षेत्रीय इकाई द्वारा स्वापक औषधि और मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज एक मामले में फिरोजपुर जिला जेल में बंद था। इस मामले में उसके कब्जे से 21 किलोग्राम हेरोइन बरामद की गई थी।
अधिकारियों के अनुसार, न्यायिक हिरासत से फरार होने के बाद उसके खिलाफ पंजाब के फिरोजपुर सिटी थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 261 और 262 के तहत एक अन्य मामला दर्ज किया गया था।
उन्होंने बताया कि पुख्ता खुफिया जानकारी और लगातार प्रयासों के आधार पर रियासी जिले के कटरा थाने की पुलिस टीम ने फरार आरोपी का पता लगाया और उसे गिरफ्तार कर लिया। जेल से फरार होने के मामले में पंजाब पुलिस को उसकी तलाश थी।
इस अभियान से भौगोलिक सीमाओं से परे वांछित अपराधियों का पता लगाने में रियासी पुलिस के प्रभावी खुफिया तंत्र और अंतरराज्यीय समन्वय का पता चलता है।
रियासी पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने और कानून से बचने की कोशिश करने वाले अपराधियों तथा फरार आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
