बहराइच में घर में घुसे तेंदुए ने छह साल की बच्ची को घायल किया

उत्तर प्रदेश बहराइच
Spread the love

बहराइच (उप्र) 17 नवम्बर (ए) बहराइच जिले में मंगलवार सुबह कतर्नियाघाट जंगल से सटे सुजौली क्षेत्र के ईदगाह पुरवा गांव में एक तेंदुए ने हमला कर छह साल की एक बच्ची को घायल कर दिया। एक वन अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अधिकारी के अनुसार तेंदुआ बच्ची को जबड़े में दबाकर बाहर ले जाने लगा: तभी उसकी मां ने शोर मचाते हुए उसे बचाने की कोशिश की। चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण भी दौड़ पड़े, जिसके बाद तेंदुआ बच्ची को छोड़कर भाग गया।

ग्रामीणों के मुताबिक, बच्ची दिव्या घर में मच्छरदानी के अंदर सो रही थी, तभी तेंदुआ दीवार फांदकर घर में घुस आया और उसे दबोच लिया।

ग्रामीणों के अनुसार हमले में बच्ची के सिर, गले, कान और बांह में चोटें आई हैं। उसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बहराइच जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

प्रभागीय वन अधिकारी (डीएफओ) अपूर्व दीक्षित ने बताया कि तेंदुए के हमले की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तेंदुए की मौजूदगी की पुष्टि की।

दीक्षित ने बताया कि पीड़ित परिवार को तत्काल पांच हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी गई है तथा बच्ची का हाल जानने के लिए वनकर्मी अस्पताल भी पहुंचे हैं एवं चिकित्सकों से लगातार संपर्क किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि क्षेत्र में तेंदुए को पकड़ने के लिए पिछले कई दिनों से पिंजरा लगाया गया है तथा घटना के बाद पिंजरे को हमले वाले स्थान के बेहद करीब स्थापित किया गया है।

वन विभाग की टीम तेंदुए को सुरक्षित पकड़ने के प्रयास में जुटी है।