रामपुर (उप्र): 19 नवंबर (ए) धन शोधन के आरोप में गिरफ्तारी के बाद जमानत पर रिहा होकर बुधवार को जेल से बाहर आने के बाद रामपुर पहुंचे समाजवादी पार्टी (सपा) के वरिष्ठ नेता आजम खान ने कहा कि उत्तर प्रदेश का आगामी विधानसभा चुनाव कोई चुनाव नहीं बल्कि ‘इंकलाब’ होगा।
गाजियाबाद की डासना जेल से रिहा होने के बाद देर रात रामपुर पहुंचे आजम खान का बड़ी संख्या में पहुंचे उनके समर्थकों ने गर्मजोशी से स्वागत किया।
इस दौरान संवाददाताओं से बातचीत में खान ने कहा कि उच्चतम न्यायालय द्वारा जमानत मिलने पर रिहा किये जाने से उनका इस बात पर यकीन मजबूत हो गया है कि देश आजाद है। उन्होंने कहा, ”लेकिन संविधान कैद है। हम सब को मिलकर संविधान की आजादी की मांग करना चाहिए।”
उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव के बारे में पूछे गये सवाल पर खान ने कहा, ”इस बार चुनाव नहीं होगा, इंकलाब होगा। बदलाव नहीं होगा, सैलाब होगा।”
उन्होंने कहा, ”अब लोग धर्म और जाति के नाम पर नहीं लड़ेंगे। मुद्दों पर लड़ाई होगी और हम जैसे लोग संविधान के लिए और विधान के लिए मरने के लिए तैयार थे, तैयार हैं और तैयार रहेंगे।”
खान ने आगामी विधानसभा चुनाव के बाद सपा की सरकार बनने पर खुद को न्याय दिलाये जाने के पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के बयान के बारे में कहा, ”न्याय तो न्याय है लेकिन बदला किसी से नहीं लिया जाएगा।”
मुर्गी, बकरी और भैंस चोरी जैसे आरोपों का भी सामना कर रहे खान ने तंज भरे अंदाज में कहा कि अगर मुर्गी चोरी करने वाला, बकरी और भैंस चोरी करने वाला शख्स प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) का आरोपी हो सकता है और वह विश्वविद्यालय बनाता है तो उनकी अल्लाह से दुआ है कि हर गली में एक मुर्गी चोर पैदा हो ताकि वह विश्वविद्यालय बना सके।
उन्होंने कहा, ”जितनी भी संवैधानिक संस्थाएं हैं, उन्हें यह सोचना चाहिए कि उनकी साख कितनी गिर गई है और उच्च न्यायालय, उच्चतम न्यायालय उनके बारे में क्या राय रख रहे हैं और क्या व्यवस्थाएं पारित हो रही हैं…उन्हें थोड़ा सा अपना स्तर बचा के रखना चाहिए।”
खान ने तंज भरे अंदाज में यह भी कहा कि अगर मदन मोहन मालवीय और सर सैयद अहमद खान के जमाने में ईडी, सीबीआई, आयकर विभाग और विकास प्राधिकरण होते तो यह दोनों भी जेल में होते।
खान को धनशोधन मामले में इलाहाबाद उच्च न्यायालय से अंतरिम जमानत मिलने के एक दिन बाद बुधवार शाम गाजियाबाद की डासना जिला जेल से रिहा कर दिया गया।
खान को ईडी ने उनके मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय से जुड़े धनशोधन मामले में 31 अक्टूबर को हिरासत में लिया था। उसी दिन उन्हें रामपुर जेल से एक अन्य आपराधिक मामले में रिहा किया गया था। गिरफ्तारी के बाद उन्हें गाजियाबाद की पीएमएलए अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था।
