उत्तर प्रदेश पुलिस ने एआई से बनी तस्वीर की मदद से पांच साल से लापता महिला को खोज निकाला

उत्तर प्रदेश सोनभद्र
Spread the love

सोनभद्र (उप्र): 20 नवंबर (ए) सोनभद्र जिले की पुलिस ने पांच वर्ष पूर्व लापता एक महिला को कृत्रिम बौद्धिकता (एआई) तकनीक की मदद से खोज निकाला। एक पुलिस अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक लापता महिला की तत्काल की कोई फोटो उपलब्ध नहीं होने के कारण उसके बचपन की फोटो से एआई तकनीक का प्रयोग कर वर्तमान की संभावित फोटो तैयार की गई, जिससे उसको खोजने में मदद मिली। सोनभद्र के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अभिषेक वर्मा ने बताया कि बभनी थाना में 14 जुलाई को थाना क्षेत्र के निवासी रामपाल खारवार की पत्नी किस्मत देवी ने एक प्रार्थना पत्र के जरिए बताया कि उसी गांव की निवासी एक महिला पांच वर्ष पूर्व शादी कराने की बात कहकर उसकी पुत्री मंजू खरवार (30) को लेकर गई थी। उसने पुलिस को बताया कि तभी से उसकी पुत्री लापता है।

एसपी ने बताया कि जांच के दौरान परिजनों के पास लापता महिला की कोई फोटो उपलब्ध नहीं थी। वर्ष 2007 में जब वह कक्षा चार में अध्ययनरत थी तब की एक तस्वीर मिली। उन्होंने बताया कि एआई तकनीक से बभनी थाना में तैनात आरक्षी विजय पांडेय ने लापता मंजू की बचपन की फोटो तथा उसके माता-पिता एवं बहन की फोटो की सहायता से वर्तमान की संभावित फोटो तैयार की।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि उसी फोटो के आधार पर महिला के राजस्थान के चूरू जिले में होने की जानकारी 16 अक्टूबर को हुई। इस आधार पर पुलिस ने मंजू को सकुशल बरामद किया।

एसपी ने बताया कि महिला अपने पति उमेंद्र के साथ विवाहित जीवन व्यतीत कर रही है तथा उसके दो बच्चे हैं। उन्होंने बताया कि आरक्षी विजय पांडेय को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए पुलिस महानिदेशक ने 5000 रुपये तथा पुलिस अधीक्षक द्वारा 2100 रुपये का पुरस्कार दिया गया।