सोनभद्र (उप्र): 20 नवंबर (ए) सोनभद्र जिले की पुलिस ने पांच वर्ष पूर्व लापता एक महिला को कृत्रिम बौद्धिकता (एआई) तकनीक की मदद से खोज निकाला। एक पुलिस अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक लापता महिला की तत्काल की कोई फोटो उपलब्ध नहीं होने के कारण उसके बचपन की फोटो से एआई तकनीक का प्रयोग कर वर्तमान की संभावित फोटो तैयार की गई, जिससे उसको खोजने में मदद मिली।बभनी थाना क्षेत्र के जौराही गांव से पांच वर्ष पूर्व लापता हुई युवती की बचपन की फोटो से वर्तमान तस्वीर बनाकर पुलिस ने उसे राजस्थान के चुरू से खोज निकाला। लापता युवती की मां ने 14 जुलाई 2026 को पुलिस को तहरीर देकर इसकी सूचना दी थी। एआई से फोटो बनाकर महिला को बरामद करने वाले पुलिस कर्मी को एसपी ने सम्मानित किया है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने शुक्रवार को बताया कि बभनी थाने पर 14 जुलाई 2026 को किस्मत देवी पत्नी रामपाल खरवार निवासी जौराही थाना बभनी ने तहरीर दी। तहरीर में बताया की मेरी पुत्री 30 वर्षीय मंजू देवी खरवार लगभग पांच वर्षों से लापता है।शिकायतकर्ता के अनुसार पांच वर्ष पूर्व गांव के ही निवासी मंजू देवी गोंड़ पत्नी राजेन्द्र गोंड़ द्वारा शादी कराने की बात कहकर उनकी पुत्री को वाराणसी ले जाया गया था। इसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल पा रहा है। बभनी थाना पुलिस ने फौरन इस मामले में अभियोग पंजीकृत कर जांच शुरू किया। पुलिस टीम ने परिजनों से फोटो प्राप्त करने का प्रयास किया गया, लेकिन कोई फोटो उपलब्ध नहीं हो सकी। विवेचना के दौरान संबंधित विद्यालय में जानकारी करने पर छात्रवृत्ति फार्म में वर्ष 2007 में कक्षा 04 में अध्ययन के समय की गुमशुदा महिला की बचपन की फोटो प्राप्त हुई। बभनी थाने पर तैनात आरक्षी विजय पाण्डेय ने एआई के माध्यम से लापता महिला की बचपन की फोटो एवं उसके माता-पिता तथा बहन की फोटो का उपयोग करते हुए वर्तमान उम्र के हिसाब से फोटो बनाई। तैयार तस्वीर को परिजनों को दिखाया गया, जिसे उनके द्वारा अपनी पुत्री मंजू देवी के रूप में पहचान कर प्रमाणित किया गया। इसके बाद पुलिस ने एआई द्वारा निर्मित फोटो के आधार पर विवेचना शुरू किया गया। जांच के बाद पुलिस टीम ने 16 अक्टूबर 2026 को राजस्थान के जनपद चूरू के थाना हमीरवास के ग्राम गोविन्द सिंह का बास पहुंचकर गुमशुदा महिला मंजू देवी को सकुशल बरामद कर लिया। पांच वर्षों से लापता महिला ने पुलिस को बताया कि वह वहां अपने पति उमेन्द्र के साथ विवाहित जीवन व्यतीत कर रही है तथा उसके दो बच्चे भी हैं। पुलिस टीम ने पांच वर्ष से लापता महिला को जब परिजनों से मिलवाया तो उनके खुशी का ठिकाना नहीं था।
