कोटा (राजस्थान): 22 नवंबर (ए) राजस्थान में कोटा-उदयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर शंभूपुरा के पास रविवार तड़के एक तेज रफ्तार क्रूजर वाहन ने सड़क किनारे खड़े ट्रक को टक्कर मार दी, जिससे एक ही परिवार के कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई और आठ अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
कोटा शहर की पुलिस अधीक्षक तेजस्विनी गौतम अन्य अधिकारियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचीं और वाहन में फंसे लोगों को निकालने के अभियान की निगरानी की।प्रारंभिक रिपोर्ट के मुताबिक, क्रूजर चालक को वाहन चलाते समय संभवत: झपकी आ गई थी।
हादसे में मारे गए लोग महाराष्ट्र के धुले जिले के निवासी थे और खाटू श्यामजी के दर्शन कर लौट रहे थे।
पुलिस ने बताया कि क्रूजर में बच्चों समेत एक परिवार के 16 सदस्य सवार थे।
ट्रक चालक हारून ने संवाददाताओं को बताया कि उसने ट्रक में आई खराबी की जांच करने के लिए उसे सड़क किनारे खड़ा किया था और वह उससे कुछ दूरी पर खड़ा था, तभी तेज रफ्तार क्रूजर ने ट्रक को टक्कर मार दी।
उसने बताया कि टक्कर के कारण वह सड़क से करीब 20 फुट दूर जा गिरा और 10 मिनट बाद होश आने पर उसने पुलिस और एम्बुलेंस को खुद फोन किया। हादसे में उसके घुटनों और सिर में चोट आई है।
घायलों को न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
