नयी दिल्ली: 23 नवंबर (ए) आम आदमी पार्टी (आप) की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने सोमवार को पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा के इस दावे पर सवाल उठाया कि यमुना नदी की 60 प्रतिशत सफाई हो चुकी है।
उन्होंने आरोप लगाया कि नदी की सफाई के लिए 2030 की समयसीमा तय करने का उद्देश्य अगले दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले जवाबदेही से बचना है।
सिरसा ने कहा था, ‘‘यमुना जी का 60 प्रतिशत हिस्सा पूरी तरह से साफ हो चुका है… साफ होने का मतलब इतना साफ है कि आप उस पानी को पी भी सकते हैं।’’
मंत्री ने लोगों से नदी पर जाकर खुद सुधार देखने का आग्रह करते हुए यह भी कहा था कि पूरी नदी 2029 या 2030 तक साफ हो जाएगी।
मंत्री की टिप्पणियों पर भारद्वाज ने कहा कि यदि 18 महीनों में नदी की 60 प्रतिशत सफाई हो सकती है, तो शेष 40 प्रतिशत सफाई अगले 12 महीनों में हो जानी चाहिए।
इससे पहले दिन में दिल्ली में उबर की ‘वन लेस कार’ रिपोर्ट के विमोचन के अवसर पर सिरसा ने नदी की सफाई में हुई प्रगति का श्रेय मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और पिछले दो वर्षों में केंद्र के सहयोग को दिया था।
उन्होंने कहा था कि सफाई का काम नदी के एक छोर से शुरू किया गया था और धीरे-धीरे दूसरे छोर की ओर बढ़ेगा। इस तरह उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अभी तक पूरा हिस्सा साफ क्यों नहीं हो पाया है।
भारद्वाज ने सरकार की 2030 की समयसीमा पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि इससे भाजपा सरकार को अगले विधानसभा चुनाव से पहले नदी की स्थिति को लेकर पूछे जाने वाले सवालों से बचने का मौका मिल जाएगा।
सिरसा ने यह भी कहा कि नालों के माध्यम से यमुना में बहने वाला गंदा पानी एक बड़ी चुनौती बना हुआ है । उन्होंने इस बात पर जोर दिया था कि गंदे पानी का शोधन किए बिना नदी को साफ नहीं किया जा सकता।