लातूर: 23 नवंबर (ए) महाराष्ट्र के लातूर में एक नाबालिग लड़की के अपहरण के आरोपी व्यक्ति की सोमवार को पुलिस की हिरासत में मौत हो गई, जिसके बाद उसके परिजनों ने विरोध प्रदर्शन किया।
अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच अपराध जांच विभाग (सीआईडी) को सौंपी गई है।
एक अधिकारी ने बताया कि अहमदपुर तहसील के मारशिवनी गांव का अमित रमेश चव्हाण (21) किनगांव थाने के अंदर आज सुबह फंदे से लटका हुआ मृत पाया गया।
अधिकारी ने कहा, ‘‘वह और एक नाबालिग लड़की अहिल्यानगर रेलवे स्टेशन पर मिले थे। दोनों को किनगांव थाने लाया गया, जहां चव्हाण को लड़की के अपहरण का आरोपी बनाया गया।’’
चव्हाण की मौत के बाद उसके परिजनों ने थाने के बाहर धरना दिया और इस घटना के लिये जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई शुरू होने तक उसका शव लेने से इनकार कर दिया।
लातूर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अमोल तांबे मौके पर पहुंचे और परिजनों से बातचीत की तथा उन्हें सूचित किया कि मौत से जुड़ी परिस्थितियों की जांच सीआईडी करेगी।
पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए लातूर के सरकारी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया है, जिसकी वीडियोग्राफी कराई जाएगी।
इस घटना के बाद किनगांव इलाके में तनाव फैल गया है।
