दिल्ली: 27 नवंबर (ए) कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के सह-संयोजक आशुतोष रांका ने शुक्रवार को कहा कि उन्होंने उनपर पाकिस्तानी राजनेताओं और एक कथित आका से धन प्राप्त करने का आरोप लगाने के लिए केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह को मानहानि का नोटिस भेजा है।
रांका ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि वह सिंह की ओर से उनकी ईमानदारी और देशभक्ति पर सवाल उठाए जाने को बर्दाश्त नहीं करेंगे।
उन्होंने जोर देकर कहा कि मैकिन्से, गावी और अन्य संगठनों के साथ उनके पेशेवर जुड़ाव अच्छी तरह से दस्तावेजीकृत थे और भारत के कर एवं लेखांकन कानूनों के अनुरूप थे।
उन्होंने कहा, “मैंने मेरे बारे में आपत्तिजनक टिप्पणियों के लिए जितेंद्र सिंह को कानूनी नोटिस भेजा है। उन्होंने कहा था कि मुझे ‘पाकिस्तान से धन’ मिला था।”
रांका ने कहा कि उन्होंने कड़ी मेहनत के दम पर भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी), कानपुर और लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स में दाखिला लिया था।
रांका ने कहा कि उन्होंने मैकिन्से की उच्च वेतन वाली नौकरी और लंदन में आरामदायक जीवन छोड़कर भारत लौटने का फैसला किया।
उन्होंने कहा, “मैं पिछले दो वर्षों से सार्वजनिक जीवन में कड़ी मेहनत कर रहा हूं, ताकि भारत के लोगों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को उठा सकूं।”
कॉजपा की ओर से जारी एक बयान के अनुसार, पार्टी के विधि प्रकोष्ठ ने अधिवक्ता अभिक चिमनी के माध्यम से सिंह को मानहानि का नोटिस भेजा है। नोटिस में बिना शर्त सार्वजनिक रूप से माफी मांगने, आरोपों को वापस लेने और तीन करोड़ रुपये के हर्जाने की मांग की गई है। रांका ने प्रस्ताव दिया है कि इस राशि को भारत में प्राथमिक शिक्षा के लिए काम करने वाले किसी धर्मार्थ संगठन को दान कर दिया जाए।
सिंह ने तीन नवंबर को बेंगलुरु में संवाददाता सम्मेलन में आरोप लगाया था कि कॉजपा के संस्थापक अभिजीत दीपके को अमेरिका से धन मिला था, जबकि रांका को पाकिस्तान से पैसे मिले थे।
उन्होंने आरोप लगाया था कि भारत विरोधी संगठन और विदेशी फंडिंग प्राप्त समूह मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के खिलाफ अभियान को वित्तपोषित कर रहे हैं। उन्होंने यह आरोप भी लगाया कि “खुद को कार्यकर्ता बताने वाले लोग” झूठा विमर्श गढ़ रहे हैं।
कॉजपा ने कहा कि यदि सिंह नोटिस की मांगों का पालन नहीं करते हैं, तो रांका उनके खिलाफ दीवानी और आपराधिक कानूनी कार्रवाई करेंगे।
