नयी दिल्ली, 27 नवंबर (ए) राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में शुक्रवार को सोने की 3,100 रुपये बढ़कर 1,30,600 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। वहीं, चांदी का भाव भी 9 प्रतिशत की जोरदार बढ़त के साथ 13,500 रुपये उछलकर 1,63,500 रुपये प्रति किलोग्राम हो गया। वैश्विक बाजारों में कीमती धातुओं की दाम में बड़ी तेजी का असर घरेलू बाजार पर पड़ा।
अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना बृहस्पतिवार के बंद भाव 1,27,500 रुपये प्रति 10 ग्राम से 3,100 रुपये बढ़कर 1,30,600 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी करों सहित) हो गया।
चांदी की कीमत भी पिछले बंद भाव 1,50,000 रुपये प्रति किलोग्राम से 13,500 रुपये यानी नौ प्रतिशत बढ़कर 1,63,500 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी करों सहित) हो गई।
दुबई स्थित ऑनलाइन मल्टी-एसेट ब्रोकर टिकमिल की शोध एवं बाजार विश्लेषण प्रमुख (पश्चिम एशिया और उत्तरी अफ्रीका) रानिम तुर्फा ने कहा कि सोने और चांदी की कीमतों में अंतरराष्ट्रीय बाजारों के अनुरूप तेजी आई है। हालांकि, पिछले एक महीने में रुपये की मजबूती से आयातित सोने की घरेलू लागत कम हुई है, जिससे घरेलू कीमतों में गिरावट को बढ़ावा मिला।
उन्होंने कहा कि कच्चे तेल की ऊंची कीमतें और भारतीय वस्तुओं पर अमेरिका की प्रस्तावित शुल्क वृद्धि रुपये को फिर कमजोर कर सकती है। इससे अंतरराष्ट्रीय बाजार में दबाव बने रहने के बावजूद घरेलू कीमतों को कुछ सहारा मिल सकता है।
तुर्फा के मुताबिक, घरेलू बाजार में सोने-चांदी की हाजिर कीमतें आम तौर पर मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) के वायदा भाव के अनुरूप चलती हैं। हालांकि, खुदरा खरीदारों को कर, डीलरों का प्रीमियम और आभूषण बनाने का शुल्क भी देना पड़ता है। इसलिए अंतरराष्ट्रीय और वायदा बाजारों में कीमतों में होने वाले बदलाव का सीधा असर खुदरा कीमतों पर नहीं पड़ता।
उन्होंने कहा कि साल की शुरुआत की तुलना में कम कीमतें शादी-विवाह के लिए और सस्ते भाव पर खरीदारी करने वाले ग्राहकों को आकर्षित कर सकती हैं। हालांकि, कीमतों में तेज उतार-चढ़ाव के कारण आभूषण विक्रेता नया स्टॉक खरीदने में सतर्क रह सकते हैं।
तुर्फा ने कहा कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व की सख्त मौद्रिक नीति को लेकर संभावना और अमेरिकी बॉन्ड पर ऊंची प्रतिफल दरों के कारण दोनों कीमती धातुओं की कीमतों पर दबाव बना रह सकता है। हालांकि, लंबी अवधि में केंद्रीय बैंकों की लगातार खरीदारी, सरकारों पर बढ़ता कर्ज और भू-राजनीतिक अनिश्चितताएं सोने को समर्थन देती रहेंगी। वहीं, चांदी में उतार-चढ़ाव अधिक रहने की संभावना है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में हाजिर सोना 105.22 डॉलर यानी तीन प्रतिशत उछलकर 3,672.06 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। चांदी भी लगातार तीसरे कारोबारी सत्र में बढ़त के साथ सात प्रतिशत से अधिक उछलकर 43.97 डॉलर प्रति औंस हो गई।
