इस्लामाबाद: 29 नवंबर (ए) पाकिस्तान ने पश्चिम एशिया में बढ़ती सुरक्षा चिंताओं के बीच सऊदी अरब की सुरक्षा को मजबूत करने के लिए वहां अपने सैनिक भेजे हैं। पाकिस्तान की सेना ने स्वयं यह जानकारी दी। सेना ने बताया कि यह कदम ‘मक्का रक्षा गठबंधन’ की सर्वोच्च निर्णय लेने वाली संस्था की इस्लामाबाद में हुई बैठक के एक दिन बाद उठाया गया है।
इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (आईएसपीआर) ने एक बयान में कहा कि शनिवार को सैनिकों के लिए विदाई समारोह आयोजित किया गया था। हालांकि, उसने यह नहीं बताया कि सऊदी अरब में कितने जवानों को तैनात किया जा रहा है।
पाकिस्तानी सैनिकों को पश्चिम एशियाई देश विदा करने का समारोह शुक्रवार को इस्लामाबाद में ‘मक्का रक्षा गठबंधन’की ‘रणनीतिक राजनीतिक और रक्षा समिति’ की हुई बैठक में पाकिस्तान, सऊदी अरब और तुर्किये द्वारा सऊदी अरब की संप्रभुता की रक्षा करने के सामूहिक संकल्प को दोहराने के बाद आयोजित किया गया।
पाकिस्तान, तुर्किये और सऊदी अरब ने अगस्त में एक त्रिपक्षीय समझौते पर हस्ताक्षर किए थे, जिसके तहत किसी भी एक देश पर होने वाले हमले को तीनों देशों पर हमला माना जाएगा।
आईएसपीआर ने कहा, ‘‘सैन्य तैनाती सऊदी अरब की सुरक्षा, संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता के प्रति पाकिस्तान की अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाती है। यह प्रतिबद्धता दोनों मित्र देशों के बीच लंबे समय से चली आ रही रणनीतिक साझेदारी और भाईचारे के संबंधों पर आधारित है।’’
पाकिस्तान ने सऊदी अरब की सुरक्षा और हरम शरीफ (मक्का और मदीना की दो पवित्र मस्जिदों) की रक्षा करने के लिए इस्लामाबाद की प्रतिबद्धता को दोहराया।