गठबंधन तय है लेकिन अपनी उम्मीदवारी वाली सीट पर नहीं करेंगे समझौता : निषाद

उत्तर प्रदेश मिर्जापुर
Spread the love

मिर्जापुर: 29 नवंबर (ए) निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद ने रविवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में किसी तरह के असंतोष से इनकार किया।

उन्होंने हालांकि कहा कि निषाद पार्टी 2027 के विधानसभा चुनाव में उन सीट पर कोई समझौता नहीं करेगी, जिन पर उसने 2022 के चुनाव में अपने उम्मीदवार उतारे थे।

मत्स्य विभाग के मंत्री निषाद ने मिर्जापुर के राजकीय इंटर कॉलेज में निषाद पार्टी की ओर से आयोजित ‘संवैधानिक अधिकार महासम्मेलन एवं पदयात्रा’ के बाद संवाददाताओं से बातचीत में यह बात कही।

उन्होंने निषाद आरक्षण के मुद्दे पर भाजपा के प्रति हाल में दिए गए अपने तल्ख बयानों के बारे में पूछे जाने पर कहा, “गठबंधन पहले से तय है और चिल्लाने से प्रेम कम नहीं होता।”

निषाद ने कहा, “वर्ष 2022 में हमने मझवां समेत 16 सीट पर चुनाव लड़ा था और हम 2027 के विधानसभा चुनाव में किसी भी सीट पर समझौता नहीं करेंगे।”

उन्होंने वर्ष 2024 में मझवां सीट पर हुए उपचुनाव में भाजपा के उम्मीदवार उतारने के फैसले पर कहा कि ऐसा भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के आग्रह पर किया गया था।

निषाद ने दावा किया कि मझवां के एक जनप्रतिनिधि और निषाद समाज के नेता ने इस सीट को अपनी प्रतिष्ठा का सवाल बनाते हुए इस्तीफे तक की पेशकश की थी।

मंत्री ने आरोप लगाया कि उन्होंने राजनीति में हमेशा मर्यादा का पालन किया लेकिन कुछ लोगों ने उनकी शराफत का गलत फायदा उठाया।

मिर्जापुर की मझवां सीट निषाद पार्टी के विधायक डॉ. विनोद कुमार बिंद के लोकसभा सदस्य चुने जाने के बाद खाली हुई थी।

उपचुनाव में भाजपा ने सुचिस्मिता मौर्य को उम्मीदवार बनाया था, जिन्होंने जीत हासिल की थी।

निषाद ने सम्मेलन को संबोधित करते हुए कार्यकर्ताओं से कहा कि अपना सम्मान दूसरों को देकर राजनीति नहीं की जा सकती।

उन्होंने गठबंधन में मिलने वाली सीट पर बिंद और निषाद समाज का पहला हक होने की घोषणा की।

निषाद ने कार्यकर्ताओं से चुनाव लड़ने और पार्टी के उम्मीदवारों को जिताने के लिए तैयार रहने का आह्वान किया।

उन्होंने कांग्रेस और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि इन दलों ने निषाद समाज को उसका अधिकार नहीं मिलने दिया।

मंत्री ने दोनों दलों को भ्रष्ट भी बताया।

उन्होंने पूर्व सांसद फूलन देवी के समर्थन में नारे लगाते हुए कहा कि सबसे पहले फूलन देवी ने निषाद समाज के अधिकारों की आवाज उठाई और लोगों को जागरूक करने का काम किया था।

निषाद ने मिर्जापुर से अपने राजनीतिक जुड़ाव का उल्लेख करते हुए कहा कि निषाद पार्टी के गठन से पहले प्रयागराज में पार्टी बनाने का संकल्प लिया गया था और बाद में इसका गठन गोरखपुर में हुआ हालांकि, वर्ष 2017 में मिर्जापुर मंडल की ज्ञानपुर विधानसभा सीट ने पार्टी को पहचान दिलाई।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 में निषाद पार्टी किसी भी दल के साथ गठबंधन में नहीं थी, इसके बावजूद क्षेत्र के लोगों ने उसे समर्थन दिया था।