मुंबई, 19 नवंबर (ए) बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान को राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) नेता बाबा सिद्दीकी हत्याकांड के वांछित आरोपी जीशान अख्तर के नाम से जान से मारने की धमकी मिली है। पुलिस के एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
खान ने बताया कि मुंबई पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और धमकी की प्रामाणिकता की पुष्टि की जा रही है।
अधिकारी ने कहा, ‘‘अभिनेता सैफ अली खान के फोन पर जीशान अख्तर के नाम से एक वॉयस मैसेज आया, जिसमें कहा गया कि उनका भी वही हश्र होगा जो बाबा सिद्दीकी का हुआ था।’’
उन्होंने कहा, ‘‘जांचकर्ता इस बात की पड़ताल कर रहे हैं कि धमकी वास्तव में जीशान अख्तर की ओर से दी गई है या कोई अन्य व्यक्ति उसकी पहचान का इस्तेमाल कर रहा है और इसी तरह की रणनीति अपनाकर फिल्मी हस्तियों तथा कानून प्रवर्तन एजेंसियों को परेशान कर रहा है।’’
एक अन्य अधिकारी ने बताया कि अभिनेता तुषार कपूर और आयुष्मान खुराना को भी पहले इसी तरह की धमकियां मिल चुकी हैं।
ऐसे ही एक मामले में मुंबई पुलिस ने बेंगलुरु के 30 वर्षीय आईआईटी स्नातक वैभव मिश्रा को गिरफ्तार किया था। उस पर कृत्रिम मेधा (एआई) का इस्तेमाल कर धमकियां देने का आरोप था, जबकि उसका किसी भी गिरोह से संबंध नहीं था।
महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी (66) की 12 अक्टूबर, 2024 की रात मुंबई के बांद्रा पूर्व इलाके में उनके बेटे जीशान सिद्दीकी के कार्यालय के बाहर तीन हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी।
