नयी दिल्ली, 21 सितंबर (ए) दक्षिण पूर्वी दिल्ली के आस्था कुंज पार्क में सामूहिक दुष्कर्म की शिकार किशोरी ने पुलिस को आपबीती सुनाते हुए कहा कि घटना के बाद वह “दर्द से रो रही थी।”
इस पार्क में तीन व्यक्तियों ने चाकू की नोंक पर 17 साल की इस लड़की से कथित रूप से सामूहिक दुष्कर्म किया था।
पीड़िता द्वारा पुलिस को दिए गए बयान की प्रति ‘पीटीआई-भाषा’ को मिली है जिसमें लड़की ने 21 सितंबर की शाम को हुए इस कथित सामूहिक दुष्कर्म कांड का विवरण बताया है।
उसके बयान के अनुसार, लड़की और उसका 17 वर्षीय मित्र कालकाजी मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद पार्क गए थे और एक बेंच पर बैठकर चिप्स खा रहे थे, तभी तीन पुरुष उनके पास आए।
इन व्यक्तियों ने दोनों से कथित तौर पर पूछा, ‘तुम इस समय यहां क्यों आए हो? यहां इस समय आना मना है,’ और इसके बाद दोनों को अलग करके पार्क की अलग-अलग दिशाओं में ले गए।
दहशत में आई लड़की ने उनसे उन्हें अलग नहीं करने को कहा। साथ में उनसे यह भी कहा कि अगर वे चाहें तो उसकी मां से बात कर लें, इस पर एक आरोपी ने कहा, ‘आसिफ भाई गन निकाल।’
आरोपियों ने उनके मोबाइल फोन कथित तौर पर छीन लिए और लड़की को एक सुनसान रास्ते की ओर ले गए और उसे चाकू से धमकाया गया।
उसके बयान के अनुसार, आसिफ ने उसके साथ दुष्कर्म किया जबकि हेमू नाम के दूसरे आरोपी को पहरा देने के लिए कहा।
पीड़िता ने आपबीती सुनाते हुए कहा, ‘उसने (आसिफ ने) दुष्कर्म करते समय मेरी गर्दन पर चाकू रखा हुआ था। मैं रो रही थी। मुझे बहुत दर्द हो रहा था।’
उसने बताया कि इसके बाद हेमू उसे दूसरी बेंच पर ले गया और चाकू से धमकाते हुए उसका यौन उत्पीड़न किया।
बयान के अनुसार, पीड़िता ने तीसरे आरोपी की पहचान दीपू के रूप में की और उसने भी उसके साथ चाकू की नोंक पर दुष्कर्म किया।
आरोपियों ने उसे धमकी दी कि अगर उसने इस घटना के बारे में किसी को बताया तो वे उसे और उसके दोस्त को जान से मार देंगे।
आरोपियों ने उनके मोबाइल फोन वापस कर दिए और लड़की तथा उसके दोस्त को पार्क से बाहर ले आए। इसके बाद लड़की ने अपने दोस्त को पूरी बात बताई, जिसके बाद उसने पुलिस नियंत्रण कक्ष (पीसीआर) को फोन किया। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, रात करीब 8:45 बजे पीसीआर कॉल आई थी, जिसके बाद एक पुलिस टीम आस्था कुंज पार्क के गेट नंबर 7 के पास पीड़िता और उसके दोस्त के पास पहुंची।
पीड़िता इसके बाद फॉरेंसिक विज्ञान टीम को उस जगह ले गई जहां उसके साथ कथित रूप से दुष्कर्म हुआ था।
अधिकारियों ने कहा कि एफएसएल और जिला मोबाइल अपराध टीम ने इलाके का मुआयना किया और फॉरेंसिक जांच तथा डीएनए परीक्षण के लिए कथित अपराध स्थल के पास मिले कंडोम सहित जैविक और अन्य सबूत एकत्र किए।
पुलिस ने कहा कि मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। आसिफ को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया और इस दौरान वह जख्मी हो गया।
