कोलकाता: नौ नवंबर (ए) पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले में 12 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म और उसकी हत्या का आरोपी पुलिस के साथ मुठभेड़ में मारा गया है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी दिलीप रॉय को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस टीम रविवार देर रात रायगंज के एक गांव में छापेमारी करने पहुंची थी। इस दौरान आरोपी ने कथित तौर पर पुलिस टीम पर गोलीबारी की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें आरोपी घायल हो गया। उसे रायगंज मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस पिछले चार दिनों से दिलीप रॉय की तलाश कर रही थी। शुक्रवार को कुलिक नदी के पास एक जंगल से 12 साल की बच्ची का सड़ा-गला और बिना कपड़ों वाला शव बरामद हुआ था। इसके बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की थी।
सूत्रों के मुताबिक, पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी गौरी ग्राम पंचायत इलाके में छिपा हुआ है। इसके बाद पुलिस ने वहां छापेमारी की। इस दौरान आरोपी की चलाई गई एक गोली पुलिस वाहन के टायर में लगी। पुलिस सूत्रों का कहना है कि दिलीप रॉय बिहार सीमा के रास्ते राज्य से भागने की कोशिश कर रहा था।परिजनों के मुताबिक, बच्ची 3 नवंबर को दोपहर में साइकिल लेकर घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। इसके दो दिन बाद उसका शव कुलिक नदी के पास जंगल में मिला। परिजनों ने बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या किए जाने का आरोप लगाया था।
