अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा पहुँची लखनऊ,आंगनबाड़ी महिलाओं और बच्चों से की मुलाकात

उत्तर प्रदेश लखनऊ
Spread the love


लखनऊ, 07 नवम्बर (ए)। अपने यूपी दौरे राजधानी लखनऊ पहुँची प्रियंका चोपड़ा ने पहले दिन निगोहां के लालपुर गांव का दौरा किया। इस दौरान लालपुर गांव के आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचीं प्रियंका चोपड़ा ने बच्चों और आंगनबाड़ी महिलाओं से मुलाकात कर उनसे कई विषयों पर बात की। इस दौरान उन्होंने बच्चों के पोषण आहार के बारे में भी जानकारी ली। उन्होंने पूछा कि बच्चों को पोषण आहार के रूप में क्या खिलाया जाता है। इस दौरान आंगनबाड़ी केंद्र पर बच्चों की लंबाई और उनका वजन भी नापा गया।
प्रियंका चोपड़ा के आने की खबर पाकर आसपास के इलाके के कई लोग वहां इकट्ठा हो गए। गौरतलब है कि यूनिसेफ ने साल 2016 में प्रियंका चोपड़ा को अपना गुडविल एंबेसेडर बनाया था। प्रियंका चोपड़ा तबसे यूनिसेफ के साथ मिलकर बच्चों के लिए काम करती है ताकि आने वाली पीढ़ी का बेहतर भविष्य हो सके। इस दौरान प्रियंका चोपड़ा ने कहा कि वो ये देखना चाहती हैं कि तकनीक के जरिए किस तरह बड़े पैमाने पर बदलाव लाया जा रहा है। 
करीब सवा तीन साल बाद भारत लौटीं प्रियंका चोपड़ा के साथ सेल्फी खिंचवाने की होड़ लगी रही। बॉलीवुड अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा ने अमेरिकी पॉप स्टार निक जोनस के साथ शादी की है और अब वो अमेरिका में ही रहती हैं।