उन्नाव में आदित्यनाथ का विपक्ष पर तीखा हमला, कांग्रेस-सपा को बताया ‘भ्रष्ट और परिवारवादी’

उत्तर प्रदेश उन्नाव
Spread the love

उन्नाव (उप्र): 18 जून (ए)) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बृहस्पतिवार को समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए दोनों दलों को “भ्रष्ट” बताया और आरोप लगाया कि इन पार्टियों ने केवल अपने-अपने परिवारों के हित में काम किया।

मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने उन्नाव में 570 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 101 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करने के बाद एक जनसभा को संबोधित करते हुए ने कहा कि केंद्र और राज्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकारों द्वारा किए गए विकास कार्य पहले की सरकारों के लंबे कार्यकाल में नहीं हो सके।उन्होंने कहा, “कांग्रेस और समाजवादी पार्टी की सरकारों को यह काम करने से किसने रोका? उनमें क्षमता नहीं थी। वे अक्षम और भ्रष्ट थे। उन्होंने केवल अपने परिवारों के बारे में सोचा, गरीबों के बारे में नहीं।”

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के लिए गरीबों का मतलब नेहरू-गांधी परिवार है, जबकि सपा के लिए गरीबों का मतलब सैफई परिवार तक सीमित रहा है। उन्होंने कहा, “इसके अलावा वे किसी के बारे में नहीं सोच सकते।”

योगी आदित्यनाथ ने पिछली सरकारों पर गरीबों की आवाज दबाने और अपराधियों व माफियाओं को संरक्षण देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पहले की सरकारों के दौरान कथित माफिया प्रभाव इतना बढ़ गया था कि राज्य में भय का माहौल था।

उन्होंने रामायण के पात्रों का उल्लेख करते हुए कहा, “जब मैं इन राज्य-संरक्षित माफियाओं को देखता हूं, तो मुझे खर, दूषण, मारीच और सुबाहु जैसे पात्र याद आते हैं।”

मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा और कांग्रेस के नेता गरीबों के बजाय माफियाओं के लिए चिंता जताते रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इन दलों ने युवाओं, किसानों और महिलाओं के हितों की अनदेखी की है।उन्होंने दावा किया कि आज उत्तर प्रदेश विकास और विरासत दोनों के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है और अब राज्य “भ्रष्टाचार और अराजकता” को स्वीकार नहीं करेगा।