चंडीगढ़ के बाद अब यूपी के कानपुर में गर्ल्स हॉस्टल की छात्राओं का नहाते समय बना वीडियो, सड़क पर उतरीं छात्राएं

उत्तर प्रदेश कानपुर नगर
Spread the love


कानपुर, 29 सितम्बर (ए)। राजस्थान में चंडीगढ़ के विश्वविद्यालय के गर्ल्स हॉस्टल की छात्राओं का नहाते हुए वीडियो बनाने का मामला सामने आने के बाद अब यूपी के कानपुर में इस तरह की घटना हुई है। यहां छात्राओं का नहाते समय वीडियो बनाने का आरोप हॉस्टल के एक कर्मचारी पर लगा है। आक्रोशित छात्राएं सड़क पर उतरी और जमकर हंगामा किया। पुलिस छात्राओं को शांत कराने की कोशिश में जुटी रही। इस बीच आरोपी कर्मचारी को हिरासत में ले लिया गया है।
इससे पहले चंडीगढ़ में एक हॉस्टल की छात्राओं का नहाते समय वीडियो बनाने का मामला सामने आने के बाद जमकर हंगामा हुआ था। कुछ छात्राओं ने इसके बाद सुसाइड की कोशिश भी की थी। हॉस्टल की ही एक छात्रा पर अन्य छात्राओं का वीडियो बनाने का आरोप लगा था। बताया जाता है कि कानपुर में काकादेव के तुलसी नगर में एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी का हॉस्टल किराए पर चलता है। इस हॉस्टल में लगभग 60 छात्राएं रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही हैं। आरोप है कि इस हॉस्टल में पिछले 7 सालों से काम करने वाला एक कर्मचारी छात्राओं के अश्लील वीडियो बनाता था। यह कर्मचारी छात्राओं के कमरे और बाथरूम में जाकर अश्लील वीडियो बनाता था।
गुरुवार सुबह एक छात्रा बाथरूम में नहा रही थी। इसी दौरान इस कर्मचारी ने बाथरूम के टूटे दरवाजे के नीचे हिस्से से मोबाइल डालकर उसका वीडियो बनाना शुरू कर दिया। छात्रा को भनक लगी तो उसने शोर मचाया। इस पर हॉस्टल में रहने वाली अन्य छात्राओं ने कर्मचारी को पकड़ लिया। छात्राएं हंगामा करते हुए सड़क पर आ गई और पुलिस को भी सूचना दी गई।
पुलिस के पहुंचने पर आरोपी कर्मचारी को उसके हवाले कर दिया। छात्राओं ने हॉस्टल और थाने में हंगामा किया। रावतपुर एसओ ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। हिरासत में लिए गए युवक के मोबाइल की पड़ताल भी हो रही है।h