नयी दिल्ली: 18 जुलाई (ए
) आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को लोगों से जंतर-मंतर पर जारी प्रदर्शन में शामिल होने की अपील करते हुए कहा कि उन्हें परीक्षा प्रणाली में सुधार की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे लोगों के साथ खड़ा होना चाहिए।
यह अपील वांगचुक की अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल के 21वें दिन उन्हें अस्पताल ले जाए जाने के कुछ घंटे बाद की गई। वांगचुक को प्रदर्शन स्थल से हटाए जाने के बाद कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने घोषणा की कि वह जंतर-मंतर पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर आंदोलन जारी रखेंगे।
केजरीवाल ने ‘एक्स’ पर एक वीडियो संदेश में कहा कि वांगचुक और दीपके अपने लिए नहीं, बल्कि देशभर के छात्रों के लिए भूख हड़ताल पर बैठे हैं।
उन्होंने अभिभावकों से चुप न रहने और निष्पक्ष परीक्षा व्यवस्था की मांग के समर्थन में प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की।
केजरीवाल ने कहा, ‘‘अगर वे आपके बच्चों के लिए जंतर-मंतर पर बैठे हैं, तो आप घर पर क्यों बैठे हैं? आप उनके साथ जंतर-मंतर पर क्यों नहीं बैठे हैं?’’
वांगचुक ने प्रश्नपत्र लीक रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू की थी।
केजरीवाल ने नीट प्रश्नपत्र लीक और सीबीएसई की मूल्यांकन प्रणाली में कथित अनियमितताओं का उल्लेख करते हुए दावा किया कि इससे लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है।
उन्होंने कहा कि लोगों को व्यक्तिगत रूप से प्रभावित होने का इंतजार करने के बजाय शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए लड़ रहे लोगों का समर्थन करना चाहिए।
केजरीवाल ने जनभागीदारी की अपील करते हुए कहा कि यदि लोग अब आगे नहीं आए, तो भविष्य में परीक्षा के प्रश्नपत्र फिर से लीक होने पर उन्हें शिकायत करने का अधिकार नहीं होगा।
उन्होंने कहा, ‘‘हम सभी को एक साथ सड़कों पर उतरना होगा। हम सभी को मिलकर अपनी आवाज बुलंद करनी होगी। तभी सरकार हमारी बात सुनेगी।’’