गैस रिसाव के बाद तमिलनाडु में फंसे झारखंड के सभी 42 प्रवासी मजदूर गृह राज्य लौटे

झारखण्ड रांची
Spread the love

रांची: तीन जुलाई (ए) तमिलनाडु के तिरुवल्लुर में एक समुद्री खाद्य पदार्थ प्रसंस्करण और निर्यात इकाई में अमोनिया गैस रिसाव के बाद वहां फंसे झारखंड के सभी 42 प्रवासी मजदूर अपने गृह राज्य लौट आए हैं। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

राज्य प्रवासन नियंत्रण कक्ष टीम लीडर शिखा लाकरा ने बताया कि ये श्रमिक अलप्पुझा-धनबाद एक्सप्रेस ट्रेन से झारखंड पहुंचे। उन्होंने बताया कि उनकी यात्रा का पूरा खर्च राज्य सरकार ने वहन किया।

21 जून को समुद्री खाद्य पदार्थ प्रसंस्करण और निर्यात इकाई में अमोनिया गैस रिसाव से 17 महिला श्रमिकों की मौत हो गई थी, जबकि कई अन्य बीमार हो गए थे। मृतकों में 14 महिलाएं ओडिशा, दो असम और एक झारखंड की रहने वाली थीं।

उन्होंने बताया, “शव को वापस लाने में श्रम विभाग ने 50 हजार रुपये खर्च किए। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद मृतका के परिजनों को एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता भी दी जाएगी।”