पांच राज्यों में चुनाव से पहले तैयारियों का जायजा लेने को निर्वाचन आयोग का प्रतिनिधिमंडल करेगा दौरा

राष्ट्रीय
Spread the love

नयी दिल्ली: चार अक्टूबर (ए) निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ अधिकारी उप निर्वाचन आयुक्तों के नेतृत्व में चुनाव की तैयारियों की जमीनी स्तर पर निगरानी के लिए इस सप्ताह से पांच चुनावी राज्यों का दौरा शुरू करेंगे।

अधिकारियों ने बताया कि इस सप्ताह निर्वाचन आयोग की टीम गोवा का दौरा करेंगी और इसके बाद अगले सप्ताह उत्तराखंड जाएंगी। आयोग के अधिकारी आने वाले हफ्तों में पंजाब और फिर मणिपुर का भी दौरा करेंगे। उत्तर प्रदेश में निर्वाचन आयोग के अधिकारी कब दौरा करेंगे, इस बारे में अभी कोई जानकारी नहीं मिली है।

आमतौर पर मुख्य निर्वाचन आयुक्त और निर्वाचन आयुक्तों को मिलाकर गठित ‘‘पूर्ण आयोग’’ चुनाव कार्यक्रम की घोषणा से पहले चुनाव वाले राज्यों का दौरा करता है।

गौरतबल है कि 403 सदस्यीय उत्तर प्रदेश विधानसभा का कार्यकाल अगले साल 22 मई को समाप्त हो रहा है, जबकि 60 सदस्यीय मणिपुर, 40 सदस्यीय गोवा, 117 सदस्यीय पंजाब और 70 सदस्यीय उत्तराखंड विधानसभा का कार्यकाल मार्च 2027 में अलग-अलग तारीखों पर समाप्त होगा।

चुनाव की तैयारियों के तहत उत्तर प्रदेश और गोवा ने मतदान में इस्तेमाल होने वाली इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन और वीवीपैट मशीन की ‘प्रथम स्तरीय जांच’ (एफएलसी) शुरू कर दी है।

एफएलसी के दौरान इन दोनों उपकरणों को बनाने वाली दो सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (बीईएल) और इलेक्ट्रॉनिक्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (ईसीआईएल) के इंजीनियर मशीनों में तकनीकी खामियों की जांच करते हैं। खराब मशीनों को मरम्मत या बदलने के लिए निर्माताओं के पास वापस भेज दिया जाता है।

राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में दोनों मशीनों की जांच के लिए ‘मॉक वोटिंग’ भी करायी जाती है।