ग्रेनाइट कारोबारी वीरामणि के खिलाफ यौन उत्पीड़न की एक और शिकायत

राष्ट्रीय
Spread the love

चेन्नई: आठ नवंबर (ए) नाबालिगों के यौन उत्पीड़न के आरोपों का सामना कर रहे ग्रेनाइट कारोबारी आर. वीरामणि के खिलाफ जारी जांच के बीच एक और लड़की ने यौन उत्पीड़न की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, नाबालिग लड़की के बयान के आधार पर कार्रवाई शुरू की गई है। वह पहले से दर्ज एक मामले में गवाह थी।

यह मामला अक्टूबर 2025 का है, जब बाल अधिकार कार्यकर्ता ने ‘एंटी-वाइस स्क्वाड’ को एक पेन ड्राइव सौंपी थी, जिसमें एक नाबालिग के कथित यौन उत्पीड़न का वीडियो था। पेन ड्राइव के साथ दिए गए एक नोट में आरोप लगाया गया था कि वीडियो में दिख रहा व्यक्ति वीरामणि है और घटना महेंद्र सिम्हन तथा शांति के आवास पर हुई थी।

पुलिस ने शुरुआत में पीड़िता की पहचान नहीं हो पाने का हवाला देते हुए मामला बंद करने की रिपोर्ट दाखिल करने की कोशिश की थी। हालांकि, विशेष पॉक्सो अदालत के न्यायाधीश ने फरवरी 2026 में इस कदम को खारिज करते हुए आगे जांच करने का आदेश दिया था।

अदालत के हस्तक्षेप के बाद पुलिस ने तलाशी के दौरान मूल वीडियो बरामद किया और इसके बाद अगस्त 2026 में वीरामणि, शांति तथा महेंद्र सिम्हन को गिरफ्तार कर लिया।

इन आरोपों की जांच के लिए बाद में एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया।

पुलिस ने नाबालिगों के यौन उत्पीड़न से जुड़े कुल आठ मामले दर्ज किए हैं। वीरामणि को इन सभी आठ मामलों में गिरफ्तार किया गया है।