जयपुर: 22 सितंबर (ए) राजस्थान भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने अलवर जिले में कथित रिश्वत के एक मामले में मंगलवार को दो सरकारी कर्मचारियों को गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
एसीबी ने बताया कि अलवर जिले की कठूमर पंचायत समिति में एक कंपनी के लंबित बिल के भुगतान करने की एवज में आरोपी सहायक अभियंता शिवराम और कनिष्ठ अभियंता मिन्ना खान को क्रमश: 25 हजार रुपये और 10 हजार रुपये कथित तौर पर लेते हुए पकड़ा गया। एसीबी के अनुसार अधिकारियों ने शिकायतकर्ता से कथित तौर पर क्रमशः 40,000 रुपये और 15,000 रुपये की मांग की थी और 18 सितंबर को पैसे लेने की बात तय हुई, जिसके बाद एसीबी ने जाल बिछाया और मंगलवार को उन्हें पैसे लेते हुए पकड़ लिया।
करौली के एक अलग मामले में, एसीबी अधिकारियों ने जले हुए बिजली के ट्रांसफॉर्मर को बदलने के बदले कथित तौर पर 8,000 रुपये लेने के आरोप में जयपुर बिजली आपूर्ति कंपनी के तकनीशियन और सहायक स्टोरकीपर जगदीश बैरवा को गिरफ्तार किया।
एसीबी ने कहा कि बैरवा ने कथित तौर पर 9,000 रुपये की मांग की थी और हिंडौन सिटी में सहायक अभियंता के कार्यालय में 8,000 रुपये लेते हुए पकड़े गए।
अधिकारियों ने कहा कि भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामले दर्ज कर लिए गए हैं और जांच जारी है।
