रिश्वत लेने के आरोप में खंड शिक्षा अधिकारी गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ रायपुर
Spread the love

रायपुर: तीन सितंबर (ए) छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने रिश्वत लेने के आरोप में खंड शिक्षा अधिकारी को गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि सुकमा जिले के मिसमा गांव के निवासी कवासी मंगल राम ने जगदलपुर में एसीबी को शिकायत की थी कि उनकी पत्नी कवासी सुशीला कन्या आश्रम डूब्बाटोटा में अधीक्षिका के पद पर पदस्थ है, जिसका वेतनमान का निर्धारण होने के बाद उन्हें 16 लाख रूपये की बकाया राशि का भुगतान होना है।आरोप है कि इस राशि का भुगतान करवाने के एवज में कोंटा के खंड शिक्षा अधिकारी चन्द्र कुमार यारदा ने कुल एरियर्स राशि का 5 प्रतिशत यानी 80 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी। दोनों के बीच रिश्वत की पहली किस्त के रूप में 10 हजार रुपये देने पर सहमति बनी थी। शिकायतकर्ता रिश्वत देने के बजाय आरोपी अधिकारी को रंगे हाथ पकड़वाना चाहती थी। शिकायत का सत्यापन करने के बाद एसीबी ने ट्रैप की कार्रवाई की योजना बनाई। तय योजना के मुताबिक, बीईओ ने 2 सितंबर को शिकायतकर्ता को रिश्वत की रकम लेकर अपने कार्यालय बुलाया था।शिकायतकर्ता जैसे ही 10 हजार रुपये लेकर बीईओ कार्यालय पहुंची और आरोपी अधिकारी ने रिश्वत की रकम स्वीकार की, उसी समय पहले से तैनात एसीबी की टीम ने चन्द्र कुमार यारदा को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।आरोपी के खिलाफ धारा 7, भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम (PC Act) 1988, संशोधित अधिनियम 2018 के तहत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।