किसानों को दिल्ली जाने से रोकने के लिए यमुना एक्सप्रेसवे पर हुई नाकाबंदी, नहीं चढ़ सकेंगे ट्रैक्टर

उत्तर प्रदेश मथुरा
Spread the love


मथुरा, 24 जनवरी एएनएस। दिल्ली में चल रहे किसान आंदोलन के समर्थन में निकलने वाली ट्रैक्टर रैलियों को रोकने के लिए यूपी में यमुना एक्सप्रेसवे पर नाकेबंदी की जा रही है। अब कोई ट्रैक्टर-ट्रॉली यमुना एक्सप्रेसवे पर नहीं चढ़ सकेगी। नाकेबंदी कर इन्हें दिल्ली की ओर जाने से रोका जाएगा। मथुरा में पुलिस और एक्सप्रेसवे अधिकारियों को बैठक कर इस बाबत दिशा-निर्देश दिए गए हैं। दिल्ली में किसानों की ट्रैक्टर परेड को लेकर पुलिस और प्रशासनिक अफसर पहले से ही किसान संगठनों की गतिविधियों पर नजरें जमाए हैं। कृषि कानूनों को लेकर सरकार और किसानों के मध्य कोई निर्णय न होने के बाद अब किसानों ने 26 जनवरी को दिल्ली में ट्रैक्टर परेड निकालने पर जोर देना शुरू कर दिया है। इसे देखते हुए ट्रैक्टरों को दिल्ली की ओर जाने से रोकने के लिए प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है। इस बीच यमुना एक्सप्रेसवे के निर्धारित रास्तों पर नाकेबंदी की तैयारी की जा रही है। इससे परेड में जाने के लिए ट्रैक्टर यमुना एक्सप्रेसवे पर न चढ़ सकें। इस संबंध में एसडीएम श्याम अवध चौहान और सीओ धर्मेंद्र चौहान ने शनिवार को थाना मांट में टोल प्लाजा पर तैनात एक्सप्रेसवे के अधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें ट्रैक्टर परेड के अलावा 26 जनवरी के राष्ट्रीय पर्व को देखते हुए सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।