लंदन: 13 जुलाई (ए)
) ब्रिटेन ने सोमवार को ईरान के ताकतवर इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) और तेहरान से जुड़े एक दूसरे समूह पर प्रतिबंध लगाने की योजना का ऐलान किया। यह कदम ब्रिटिश धरती पर यहूदी-विरोधी हमलों और जान को जोखिम में डालने वाले खतरों के आरोपों के बाद उठाया गया है। ब्रिटिश सरकार ने ‘इस्लामिक मूवमेंट ऑफ द कंपैनियंस ऑफ द राइट’ (आईएमसीआर) पर प्रतिबंध लगाया है। यह संगठन हरकत अशाब अल-यमीन अल-इस्लामिया के नाम से भी जाना जाता है। ब्रिटेन की सुरक्षा मंत्री एंजेला ईगल ने एक बयान में कहा कि आईएमसीआर ने ब्रिटेन में सात हमलों की जिम्मेदारी ली है।उन्होंने कहा कि आईएमसीआर के पीछे ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) की कुद्स फोर्स के सदस्य थे, जिन्होंने यूरोप में आईएमसीआर के हमलों की साजिश रची थी। कुद्स फोर्स को आईआरजीसी की विदेशी अभियानों के लिए जिम्मेदार इकाई माना जाता है। यह इकाई ईरान के बाहर उसके रणनीतिक और सैन्य प्रभाव से जुड़े अभियानों में सक्रिय रहती है। ब्रिटेन सरकार के इस कदम को ईरान समर्थित गतिविधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है, खासकर ऐसे समय में जब यूरोप में यहूदी समुदाय से जुड़े स्थलों पर सुरक्षा चिंताएं बढ़ी हुई हैं।