एक्सप्रेस-वे पर खड़े ट्रक से भिड़ी कार, पति-पत्नी समेत चार लोगों की मौत

रतलाम
Spread the love

रतलाम: 15 अगस्त (ए) मध्यप्रदेश के रतलाम जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर शुक्रवार देर रात तेज रफ्तार कार के सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से टकरा जाने के कारण पति-पत्नी समेत चार लोगों की मौत हो गई और पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

शिवगढ़ थाना प्रभारी रणजीत मकवाना ने बताया कि यह हादसा कजलिया पाड़ा के पास शुक्रवार देर रात करीब 11:30 बजे हुआ।।

उन्होंने बताया कि तेज रफ्तार कार खड़े ट्रक से जा भिड़ी। मकवाना के अनुसार हादसे में जतिन (34), उनकी पत्नी लिशा (30), पैपी (35) और रानू (35) की मौके पर ही मौत हो गई।उन्होंने बताया कि हादसे में जान गंवाने वाले लोग धार और इंदौर जिले के रहने वाले थे।

थाना प्रभारी ने बताया कि हादसे में कार चालक समेत पांच लोग घायल हुए जिन्हें रतलाम के चिकित्सा महाविद्यालय के अस्पताल भेजा गया।

उन्होंने बताया कि टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग वाहन में फंस गए। सूचना मिलने पर भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की एंबुलेंस और पुलिस मौके पर पहुंची तथा बचाव कार्य किया।

थाना प्रभारी ने बताया कि कार में सवार सभी लोग एक ही परिवार के थे और राजस्थान के खाटूश्याम मंदिर के दर्शन के लिए जा रहे थे।उन्होंने बताया कि जिस ट्रक से कार टकराई, वह खराबी के कारण सड़क किनारे खड़ा था।

पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है।