नयी दिल्ली: 26 नवंबर (ए) उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए सीटों के बंटवारे को लेकर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी (सपा) के बीच जारी बातचीत में चुनावी आंकड़े अहम भूमिका निभा रहे हैं। कांग्रेस ने 2024 के लोकसभा चुनाव में प्रदेश की 40 विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवारों की बढ़त को ज्यादा सीटें मांगने का आधार बनाया है, तो सपा ने संख्या के बजाय ‘जीत के समीकरण’ पर जोर दिया है।
कांग्रेस जिन 40 सीटों पर जोर दे रही है, उनमें से वह वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में सिर्फ एक सीट पर जीत दर्ज कर सकी थी, दो सीटों पर वह दूसरे और 12 पर तीसरे स्थान पर रही थी, जबकि शेष 25 सीटों पर उसके उम्मीदवार चौथे या उससे नीचे स्थान पर रहे थे। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में सपा और कांग्रेस अलग-अलग चुनाव लड़े थे।
वर्ष 2017 में सपा के साथ गठबंधन के तहत कांग्रेस ने इन 40 में से 26 सीटों पर चुनाव लड़ा था। इनमें से पांच पर उसे जीत मिली थी। सात सीटों पर वह दूसरे, छह पर तीसरे और आठ पर चौथे या उससे नीचे स्थान पर रही थी। शेष 14 सीटों पर उसने उम्मीदवार नहीं उतारे थे।
सूत्रों के मुताबिक, सपा की ओर से कांग्रेस को 26 सीटों का प्रस्ताव दिया गया है। इसमें कांग्रेस की वे दोनों सीटें रामपुर खास और फरेंदा भी शामिल हैं, जिन पर उसने 2022 में जीत दर्ज की थी। लोकसभा चुनाव में कांग्रेस जिन 40 विधानसभा क्षेत्रों में आगे रही थी, उनमें से केवल तीन फरेंदा, जगदीशपुर और खेरागढ़ सपा के प्रस्ताव में शामिल हैं। इन तीनों सीटों पर कांग्रेस 2022 में भाजपा के बाद दूसरे स्थान पर रही थी।
कांग्रेस की 40 विधानसभा क्षेत्रों में से 26 पर बढ़त उन छह लोकसभा सीटों के अंतर्गत थी, जहां पार्टी ने 2024 में जीत दर्ज की थी। शेष 14 सीटें सात ऐसे लोकसभा क्षेत्रों में थीं, जहां कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा था।
दूसरी ओर, सपा की अपनी राजनीतिक मजबूरियां भी हैं। वर्ष 2022 में उसने इन 40 विधानसभा क्षेत्रों में से 17 पर जीत दर्ज की थी। इनमें अमेठी, गौरीगंज और बाराबंकी भी शामिल हैं। लोकसभा चुनाव में इन क्षेत्रों में कांग्रेस उम्मीदवारों को सपा के समर्थन का लाभ मिला था। ऐसे में इन सीटों को कांग्रेस के लिए छोड़ने का मतलब सपा को अपनी जीती हुई सीटों में से कुछ छोड़ना होगा।
बेहट और सहारनपुर इसके उदाहरण हैं। कांग्रेस ने 2017 में सपा के साथ गठबंधन के तहत दोनों सीटें जीती थीं, लेकिन 2022 में अलग-अलग चुनाव लड़ने पर इन सीटों पर उसे एक प्रतिशत से भी कम वोट मिले और सपा ने दोनों पर जीत दर्ज की। वहीं, 2024 के लोकसभा चुनाव में सपा के समर्थन से कांग्रेस उम्मीदवार इमरान मसूद ने बेहट में 38 हजार से अधिक और सहारनपुर में 44 हजार से अधिक मतों की बढ़त हासिल की थी।
वर्ष 2017 में सपा ने 311 सीटों पर चुनाव लड़कर 47 सीटें जीती थीं, जबकि कांग्रेस ने 114 सीटों पर चुनाव लड़कर सात सीटें हासिल की थीं। वर्ष 2022 में अलग-अलग चुनाव लड़ने पर सपा को 111 और कांग्रेस को केवल दो सीटें मिली थीं।
हालांकि, 2024 के लोकसभा चुनाव में दोनों दलों ने फिर गठबंधन किया। सपा ने 62 में से 37 और कांग्रेस ने 17 में से छह सीटें जीतीं। दोनों दलों ने मिलकर प्रदेश की 80 लोकसभा सीटों में से 43 पर जीत दर्ज की और 43 प्रतिशत से अधिक वोट हासिल किए। यही साझा चुनावी प्रदर्शन सपा और कांग्रेस दोनों को गठबंधन जारी रखने के लिए प्रेरित कर रहा है, लेकिन सीटों की संख्या पर सहमति बनाना अभी चुनौती बना हुआ है।
