सोशल मीडिया रील्स को लेकर हुए विवाद में 11वीं कक्षा के छात्र की हत्या

राष्ट्रीय
Spread the love

कोटा (राजस्थान): 11 मार्च (ए)) कोटा में सोशल मीडिया रील्स को लेकर हुए विवाद के बाद दो. तीन युवकों ने कथित तौर पर लोहे की छड़ों और चाकू से वार कर 17 वर्षीय एक छात्र की हत्या कर दी। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

यह घटना मंगलवार रात 11 बजे उद्योग नगर थाना क्षेत्र के प्रेम नगर में हुई। पीड़ित एक शादी समारोह से लौट रहा था तभी उसे रोका गया। हमलावरों ने उसे घेर लिया और बुरी तरह घायल कर दिया।

 

प्रेम नगर की जगा बस्ती का रहने वाला 17 साल का शुभम सैनी सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव था और अक्सर वीडियो रील बनाकर अपलोड करता था। शुभम का आरोपी विशाल और राज बच्चा के साथ इन्हीं रील्स और सोशल मीडिया कंटेंट को लेकर पिछले कुछ समय से झगड़ा चल रहा था। यह विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने उसे जान से मारने की साजिश रच डाली।

आरोपियों ने शुभम पर लोहे की रॉड और चाकू से ताबड़तोड़ हमला किया। इस हमले में शुभम के पेट में चाकू के गहरे घाव लगे और वह लहूलुहान होकर वहीं सड़क पर गिर पड़ा। घटना को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी वहां से फरार हो गए।

 

शुभम को तुरंत न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया कि शुभम के पेट में चाकू के गहरे घाव थे और अस्पताल पहुंचने से पहले ही काफी खून बह चुका था। जिसकी वजह से उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।शुभम के परिवार वालों की शिकायत के बाद पुलिस ने विशाल और राज बच्चा नाम के दो लड़कों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। कोटा पुलिस उन्हें हर जगह तलाश कर रही हैं। पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपी फिलहाल फरार हैं। जल्द ही गिरफ्त में होंगे।