सीएम मान को दिल्ली हवाई अड्डे पर तीन घंटे तक रोका गया, 50 हजार रुपये जुर्माना लगाया गया : आप

राष्ट्रीय
Spread the love

चंडीगढ़: 20 अक्टूबर (ए) आम आदमी पार्टी (आप) ने रविवार को दावा किया कि पेरिस से लौटने पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को दिल्ली हवाई अड्डे पर तीन घंटे तक रोका गया और उन पर 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।

पार्टी के अनुसार, अधिकारियों ने इसके पीछे “ऊपर से भारी दबाव” होने की बात कही।

हालांकि, ‘आप’ ने यह नहीं बताया कि मान को क्यों रोका गया या उन पर जुर्माना क्यों लगाया गया।

पंजाब में ‘आप’ के मीडिया प्रभारी बलतेज पन्नू ने इस घटना को मान की विदेश यात्राओं के लिए “केंद्र द्वारा बार-बार अनुमति नहीं दिए जाने” सहित अन्य मुद्दों से जोड़ा।

पन्नू ने एक बयान में केंद्र पर पंजाब की प्रगति के रास्ते में “बाधाएं” पैदा करने का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा कि मान पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के आदेश के बाद पेरिस गए थे और केंद्र सरकार ने एक बार फिर अपनी “संकीर्ण मानसिकता” का परिचय दिया।

पन्नू ने दावा किया, “वह (मान) दुनिया के दूसरे सबसे बड़े खाद्य महोत्सव में पंजाब के प्रसिद्ध उत्पादों को पेश करने गए थे। उच्च न्यायालय ने स्पष्ट निर्देश दिया था कि मान को उचित प्रोटोकॉल दिया जाए, लेकिन केंद्र की मंशा इतनी खराब है कि पेरिस में महावाणिज्य दूत भी मुख्यमंत्री से मिलने नहीं आए।”

उन्होंने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री के प्रति केंद्र की “नाराजगी और अपमानजनक व्यवहार” यहीं नहीं रुका।

पन्नू ने कहा, “जब मान पेरिस से लौटे और दिल्ली हवाई अड्डे पर पहुंचे, तो उन्हें जानबूझकर तीन घंटे तक रोका गया। बहाने बनाए गए कि ‘आपका सामान अभी आ रहा है’ और ‘आपके सामान की जांच की जा रही है।’ ये बातें सरासर झूठी और पंजाब का अपमान थीं।”

उन्होंने दावा किया, “तीन घंटे बाद जब मान को जाने दिया गया और वह अपना सामान गाड़ी में रखकर रवाना होने वाले थे, तभी अधिकारी दौड़ते हुए उनके पास आए और कहा कि उन पर ‘ऊपर से भारी दबाव’ था।”

पन्नू ने आरोप लगाया, “इसके बाद उन्होंने 50 हजार रुपये का चालान काट दिया। अधिकारियों ने खुद स्वीकार किया कि वे दबाव में थे। इससे साबित होता है कि पूरी घटना ऊपर से मिले आदेशों के तहत अंजाम दी गई।”

‘आप’ नेता ने कहा, ‘‘क्या किसी भारतीय राज्य के मुख्यमंत्री को कभी इस तरह हवाई अड्डे पर तीन घंटे तक रोका गया है? क्या किसी राज्य के मुख्यमंत्री का 50 हजार रुपये का चालान काटकर कभी इस तरह अपमान किया गया है? ऐसा सिर्फ इसलिए हो रहा है, क्योंकि मान पंजाबी हैं, पंजाब के मुख्यमंत्री हैं और पंजाब की बेहतरी के लिए दिन-रात काम कर रहे हैं।’’