कांग्रेस नेताओं का आरोप : राहुल के समर्थन वाले पोस्ट पर हमारे इंस्टाग्राम अकाउंट को निशाना बनाया गया

राष्ट्रीय
Spread the love

नयी दिल्ली: 13 नवंबर (ए) कांग्रेस के कुछ नेताओं ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि सोशल मीडिया मंच इंस्टाग्राम पर राहुल गांधी के समर्थन में पोस्ट करने के कारण उनके अकाउंट को निशाना बनाया जा रहा है और कई पोस्ट हटा दिए गए हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि इसके लिए केंद्र सरकार दबाव डाल रही है और सोशल मीडिया कंपनी मेटा की भूमिका पर सवाल उठाए।

इस आरोप पर इंस्टाग्राम की मूल कंपनी मेटा और सरकार की तरफ से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल पाई है।

कांग्रेस सेवा दल के प्रमुख श्रीनिवास बी.वी. ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर दावा किया कि पिछले 35 दिनों में चार बार उनका इंस्टाग्राम अकाउंट भारत में रोक (विथहेल्ड) दिया गया है।

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा पर सवाल उठाइए और आपका अकाउंट निशाना बन जाता है। पत्रकार, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और राजनीतिक आवाजें, कोई भी इससे अछूता नहीं है।’’

श्रीनिवास ने मेटा पर भाजपा के इशारे पर काम करने का आरोप लगाते हुए तंज किया कि ऐसा लगता है कि कंपनी ने अपना भारत कार्यालय दीनदयाल उपाध्याय मार्ग स्थित भाजपा के आईटी सेल में स्थानांतरित कर दिया है।

कांग्रेस नेता वैभव वालिया ने भी मेटा पर सवाल उठाते हुए कहा कि इंस्टाग्राम में उनके वो पोस्ट हटा दिए गए, जिनमें राहुल गांधी की तस्वीरें थीं तथा इसके लिए सरकार के सूचना प्रौद्योगिकी दिशानिर्देशों और सोशल मीडिया संहिता का हवाला दिया जा रहा है।

उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि किसी भी कंपनी के पास जनमत को प्रभावित करने या लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने की असीमित शक्ति नहीं होनी चाहिए।

वालिया ने आरोप लगाया कि मेटा के विभिन्न मंचों का कथित दुरुपयोग और पक्षपात भारत में स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव की बुनियाद के लिए खतरा है।

कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव दिव्या मदेरणा ने भी दावा किया कि हाल के दिनों में उनकी तीन पोस्ट हटा दी गई हैं। उन्होंने दावा किया है कि राहुल गांधी की तस्वीर वाली पोस्ट हटाई जा रही हैं और यह सब सरकार के दबाव में किया जा रहा है।

उनका कहना है, ‘‘ये कंटेंट सिर्फ भारत में हटाए जा रहे हैं, लेकिन दूसरी जगहों पर उपलब्ध रहेंगे। इससे साफ पता चलता है कि यह सब किसके इशारे पर हो रहा है।’’