माउंट मोनगानुई: 13 नवंबर (ए) भारत शुक्रवार को वनडे क्रिकेट में दूसरी ऐसी टीम बन गया, जिसके शुरुआती तीन बल्लेबाज बिना कोई रन बनाए आउट हो गए।
न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज मैट हेनरी ने पारी के पहले ही ओवर में रोहित शर्मा, विराट कोहली और श्रेयस अय्यर को आउट कर भारतीय टीम को शुरुआती झटके दिए।
वनडे क्रिकेट में पारी के पहले ओवर में तीन या उससे अधिक विकेट लेने का यह केवल तीसरा मौका था।
इससे पहले दक्षिण अफ्रीका के शॉन पोलाक ने 1997 में लाहौर में पाकिस्तान के खिलाफ पहले ओवर में तीन विकेट लिए थे। इसके बाद श्रीलंका के चमिंडा वास ने 2003 विश्व कप में पीटरमैरिट्जबर्ग में बांग्लादेश के खिलाफ पहले ओवर में चार विकेट झटके थे।
पोलाक ने पाकिस्तान के खिलाफ अपने पहले ओवर में सईद अनवर, आमिर सोहेल और इंजमाम उल हक को आउट किया था जबकि वास ने 2003 विश्व कप मुकाबले में बांग्लादेश के हन्नान सरकार, मोहम्मद अशरफुल और एहसानुल हक को पहले ओवर की शुरुआती तीन गेंदों पर आउट कर यादगार हैट्रिक बनाई थी।
बांग्लादेश हालांकि इस ओवर में अपना खाता खोलने में सफल रहा था जबकि भारत और पाकिस्तान ऐसा नहीं कर सके थे।
