असम में सत्ता में आने पर नागरिकता संशोधन कानून को रद्द करेगी कांग्रेस:प्रियंका

राष्ट्रीय
Spread the love


तेजपुर, 02 मार्च (ए)। आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस पार्टी की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा मंगलवार को असम के तेजपुर पहुंचीं। यहां उन्होंने एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि अगर कांग्रेस पार्टी राज्य में सत्ता में आती है तो सबसे पहले नागरिकता संशोधन कानून को रद्द करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अगर असम में सत्ता में आई तो संशोधित नागरिकता कानून को निरस्त करने के लिए नया कानून लेकर आएगी। यदि असम में कांग्रेस की सरकार बनती है, तो लोगों को 200 यूनिट बिजली मुफ्त दी जाएगी, चाय बागानों में काम करने वालों की न्यूनतम दिहाड़ी बढ़ाई जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस असम में सत्ता में आती है, तो वह ‘गृहिणी सम्मान’ के तौर पर गृहिणियों को हर महीने दो हजार रुपए देगी।
इससे पहले कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने असम की महिलाओं से आग्रह किया कि वे आगामी चुनाव में जिम्मेदारी से मतदान करें, क्योंकि यह उनके और उनके बच्चों के भविष्य के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।
उन्होंने दावा किया कि राज्य में महिलाओं के प्रति अपराध की दर देश में सबसे ज्यादा है और वर्तमान सरकार ने स्थिति को सुधारने के लिए कुछ नहीं किया। वह विश्वनाथ जिले के गोहपुर में स्वयं सहायता समूह के सदस्यों और चाय बागान में काम करने वाली महिलाओं से बातचीत कर रही थी। उन्होंने कहा कि आप जब मतदान करें तो ध्यान से व सोच कर मतदान करें और समझें कि जिस राजनीतिक पार्टी या नेताओं को आप चुन रहे हैं वे आपके बच्चों का भविष्य बेहतर बनाने के लिए नीतियां तैयार करने के योग्य हैं या नहीं।