70 हजार रुपये की रिश्वत लेते संविदाकर्मी गिरफ्तार

राष्ट्रीय
Spread the love

जयपुर: 28 अक्टूबर (ए) राजस्थान के बूंदी जिले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने बुधवार को 70 हजार रुपये रिश्वत लेने के आरोप में एक संविदाकर्मी को गिरफ्तार किया। ब्यूरो ने यह जानकारी दी।

एसीबी के अधिकारियों के अनुसार, आरोपी भानुप्रताप सिंह तालेड़ा पंचायत समिति में कनिष्ठ तकनीकी सहायक है तथा उसने परिवादी द्वारा कराए गए कार्यों के बिलों का भुगतान जारी करने के बदले कथित तौर पर 70 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी।भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक पुलिस गोविन्द गुप्ता ने बताया कि एसीबी की आसूचना इकाई, कोटा को शिकायत प्राप्त हुई कि परिवादी द्वारा करवाए गए कार्यों के बिलों के भुगतान संबंधी कार्य की एवज में आरोपी श्री भानूप्रताप सिंह द्वारा 70,000 रुपये रिश्वत राशि की मांग कर उसे परेशान किया जा रहा है। उक्त शिकायत पर ओमप्रकाश मीणा, उपमहानिरीक्षक पुलिस, भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, कोटा रेंज के पर्यवेक्षण में एसीबी की आसूचना इकाई, कोटा की पुलिस उप अधीक्षक चन्द्रकंवर के नेतृत्व में आज ट्रेप कार्यवाही की गई। कार्यवाही के दौरान आरोपी को परिवादी से 70,000 रुपये रिश्वत राशि लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया।
एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस स्मिता श्रीवास्तव एवं महानिरीक्षक पुलिस एस. परमिला के पर्यवेक्षण में आरोपी से पूछताछ एवं अग्रिम कार्यवाही जारी है। एसीबी द्वारा मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के अन्तर्गत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जाएगा।