महाराष्ट्र में कोरोना का कहर जारी, 24 घंटे में मिले 63,294 नए केस, 349 लोगों की मौत

राष्ट्रीय
Spread the love


मुंबई, 11 अप्रैल (ए)। महाराष्ट्र में बीते 24 घंटों में राज्य में कोरोना संक्रमण के 63,294 नए केस सामने आए हैं, जबकि 349 लोगों की मौत हुई है। महाराष्ट्र में एक दिन में सामने आए कोरोना केसों का यह रिकॉर्ड है। राज्य में फिलहाल कोरोना के 5,65,587 एक्टिव केस हैं। अब तक प्रदेश में कोरोना से 57,987 लोगों की मौत हो चुकी है। यदि शहरों के अनुसार बात करें तो फिलहाल मुंबई में 91,100 एक्टिव केस हैं। इसके अलावा पुणे में 1,09,590 एक्टिव केस हैं। यह आंकड़ा देश के किसी भी शहर के मुकाबले अधिक है। पुणे संभवत: देश का पहला ऐसा शहर बन गया है, जहां कोरोना संक्रमण के 1 लाख से ज्यादा एक्टिव केस एक वक्त में मौजूद हैं।
मुंबई से सटे ठाणे में कोरोना के 74,335 नए केस हैं। नासिक में कोरोना के 35 हजार और अहमदनगर 19937 मामले हैं। मुंबई, पुणे और ठाणे के बाद नागपुर का हाल भी बेहद खराब है। यहां फिलहाल कोरोना के 58,507 सक्रिय मामले हैं। इसके अलावा नांदेड़, भंडारा, जलगांव जैसे जिलों में भी कोरोना के 10,000 से ज्यादा एक्टिव केस हैं। बीते 24 घंटों में इन शहरों में मिले केसों की बात करें तो अकेले मुंबई में ही 9,989 केस मिले हैं और 58 लोगों की मौत हो चुकी है। इस बीच नागपुर में 24 घंटों में कोरोना के चलते 63 लोगों की मौत हो चुकी है। शहर में 7,200 से ज्यादा नए केस मिले हैं।