जादू टोना करने के संदेह में दंपति को जिंदा जलाया गया

राष्ट्रीय
Spread the love

दीफू (असम): 31 दिसंबर (ए)) असम में कार्बी आंगलोंग जिले के एक गांव में कुछ लोगों ने जादू-टोना करने के संदेह में एक दंपति को जिंदा जला दिया। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

यह घटना मंगलवार रात को होवराघाट क्षेत्र के संख्या-एक बेलोगुड़ी मुंडा गांव में हुई।उन्होंने कहा, ‘‘बदमाशों ने पहले दंपति पर उनके घर के अंदर धारदार हथियारों से हमला किया। उसके बाद उन्होंने उनके घर में आग लगा दी जिससे दंपति की जलकर मौत हो गई।’’

अधिकारी ने कहा कि ग्रामीणों ने मृतकों पर जादू-टोना करने का आरोप लगाया।

मृतकों की पहचान गार्डी बिरोवा (43) और मीरा बिरोवा (33) के रूप में हुई है।

वरिष्ठ पुलिस और नगर निकाय प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं और उन्होंने जांच शुरू कर दी है।

अधिकारी ने कहा, ‘‘यह इलाका अंधविश्वास की गिरफ्त में है। लोग अब भी अफवाहों पर विश्वास करते हैं, जिससे कुछ लोगों को कष्ट झेलना पड़ता है।’’

भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के अलावा, राज्य के कानून के तहत भी ऐसे कृत्य अपराध की श्रेणी में आते हैं।