कोलकाता: 19 नवंबर (ए) भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ के पूर्वी तट की ओर बढ़ने के बीच बृहस्पतिवार को पश्चिम बंगाल के दक्षिणी जिलों में अगले दो दिनों के दौरान भारी बारिश होने का पूर्वानुमान जताया।
विभाग ने बताया कि मौसम प्रणाली के प्रभाव से कोलकाता और राज्य के अन्य दक्षिणी जिलों में रातभर बारिश हुई।
बृहस्पतिवार सुबह बंगाल की खाड़ी के पूर्व-मध्य हिस्से में मौजूद चक्रवाती तूफान के शुक्रवार दोपहर तक दक्षिण ओडिशा के गोपालपुर के पास तट पार करने की संभावना है।
आईएमडी के बुलेटिन के अनुसार, दक्षिण 24 परगना, पूर्व मेदिनीपुर, कोलकाता, हावड़ा और पश्चिम मेदिनीपुर के तटीय इलाकों में रातभर बारिश हुई।
उत्तर 24 परगना, पश्चिम मेदिनीपुर, झाड़ग्राम और बांकुड़ा में भारी बारिश होने का अनुमान है।
विभाग ने बताया कि शनिवार तक कोलकाता और दक्षिण बंगाल के अन्य जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ गरज-चमक हो सकती है।
मौसम विभाग ने बंगाल की खाड़ी में भीषण चक्रवाती तूफान के कारण समुद्र में खराब मौसम की आशंका को देखते हुए मछुआरों को शनिवार तक समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी है।
कोलकाता में बृहस्पतिवार सुबह बूंदाबांदी के साथ दिन की शुरुआत हुई और दिन चढ़ने के साथ बारिश तेज हो गई। सुबह कार्यालय जाने के व्यस्त समय में बारिश के कारण लोगों को परेशानी हुई। महानगर के कई इलाकों के साथ ही आसपास के साल्ट लेक और न्यू टाउन में भी यातायात जाम की स्थिति रही।
मौसम विभाग ने कहा कि कोलकाता और आसपास के इलाकों में शनिवार तक हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
