मंगलवार देर रात आंध्र प्रदेश के तट पर चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ देगा दस्तक : मौसम विभाग

राष्ट्रीय
Spread the love

अमरावती: 27 अक्टूबर (ए) बेहद भीषण चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात आंध्र प्रदेश के तट से टकराने की संभावना है। मौसम विभाग ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

मौसम विभाग द्वारा दी गई अद्यतन जानकारी के मुताबिक, चक्रवाती तूफान अर्नब मंगलवार देर रात दो बजे से बुधवार तड़के चार बजे के बीच बापटला और विशाखापत्तनम के बीच आंध्र प्रदेश और यनम के तटों को पार करेगा।अद्यतन जानकारी के अनुसार, बंगाल की खाड़ी के पश्चिम-मध्य हिस्से के ऊपर बना अत्यंत भीषण चक्रवाती तूफान, मंगलवार शाम 5:30 बजे तक पिछले छह घंटों के दौरान 18 किमी प्रति घंटे की गति से पश्चिम से उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ा और अब पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर केंद्रित है।

यह चक्रवात काकीनाडा से लगभग 90 किलोमीटर दूर दक्षिण-पूर्व, विशाखापत्तनम से 170 किलोमीटर दक्षिण से दक्षिण-पश्चिम, मछलीपत्तनम से 170 किलोमीटर पूर्व से उत्तर-पूर्व, बापटला से 240 किलोमीटर पूर्व से उत्तर-पूर्व और गोपालपुर से 410 किलोमीटर दूर दक्षिण-पश्चिम में स्थित है।

मौसम विभाग ने बताया कि ‘‘इसके अगले कुछ घंटों तक लगभग पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में और फिर उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने की प्रबल संभावना है। 28 अक्टूबर की सुबह, यह एक ‘बहुत भीषण चक्रवाती तूफान’के रूप में आंध्र प्रदेश और यनम के तटों को पार करेगा। यह बापटला और विशाखापत्तनम के बीच, यनम के दक्षिण के करीब से गुजरेगा। इस दौरान हवा की गति 125-135 किमी प्रति घंटा होगी, जो 150 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।’’ आंध्र प्रदेश और ओडिशा ने अत्यंत भीषण चक्रवाती तूफान अर्नब से निपटने के लिए करीब चार हजार आश्रय स्थल तैयार किए हैं। हजारों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है और आपदा प्रबंधन कर्मियों को सतर्क रखा है। चक्रवाती तूफान के मद्देनजर मंगलवार को विजयवाड़ा और विशाखापत्तनम हवाई अड्डों पर करीब 21 उड़ानें रद्द कर दी गईं।