दिल्ली सरकार ने रोहिणी और द्वारका मेट्रो स्टेशन के नाम बदले

राष्ट्रीय
Spread the love

नयी दिल्ली: 27 मई (ए)) दिल्ली सरकार ने ‘रोहिणी पश्चिम’ मेट्रो स्टेशन का नाम बदलकर ‘डॉ. बाबा साहब आंबेडकर अस्पताल मेट्रो स्टेशन’ और ‘द्वारका’ मेट्रो स्टेशन का नाम ‘द्वारका-काकरोला मेट्रो स्टेशन’ करने को मंजूरी दे दी है।

इसके साथ ही रोहिणी में नवनिर्मित एक खेल परिसर का नाम ‘अटल खेल परिसर’ रखा जाएगा।

एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, दिल्ली सचिवालय में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में हुई ‘राज्य नामकरण प्राधिकरण’ (एसएनए) की बैठक में इन फैसलों को मंजूरी दी गई।

बयान में कहा गया है कि यात्रियों की सुविधा और स्टेशन को एक स्पष्ट पहचान देने के उद्देश्य से ‘रोहिणी पूर्व’ मेट्रो स्टेशन का नाम बदलकर अब ‘रोहिणी मेट्रो स्टेशन’ किया जाएगा।

प्रशासन ने रोहिणी के बेगमपुर में निर्माणाधीन खेल परिसर का नाम पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर रखने को भी मंजूरी दी है। बयान के अनुसार, परिसर में भारत रत्न से सम्मानित वाजपेयी की एक प्रतिमा भी स्थापित की जाएगी।

बैठक के दौरान ज्वालापुरी में निर्माणाधीन अस्पताल का नाम बदलकर ‘बाबा रामदेवजी महाराज अस्पताल’ करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई।

इसके अलावा, सरकार ने शुकूरपुर स्थित ‘ब्रिटानिया चौक’ का नाम बदलकर ‘अश्विनी चोपड़ा (मिन्ना) चौक’ करने को हरी झंडी दी है।

बयान के मुताबिक, इस बैठक में मुख्य सचिव, शहरी विकास सचिव, दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (डीएमआरसी) के प्रबंध निदेशक और दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) के निदेशक शामिल हुए।

गुप्ता ने कहा कि इन फैसलों का उद्देश्य दिल्ली की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक पहचान को सुरक्षित रखते हुए समाज में महत्वपूर्ण योगदान देने वाली विभूतियों को सम्मान देना है।