नयी दिल्ली: 30 अगस्त (ए) दिल्ली पुलिस ने राष्ट्रीय राजधानी, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में हत्या, हत्या के प्रयास एवं गोलीबारी के कई मामलों में वांछित दो अपराधियों सहित हिमांशु भाऊ गिरोह के चार कथित सदस्यों को गिरफ्तार किया। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, इन दो अपराधियों की पहचान हरियाणा के जींद निवासी 19 वर्षीय रमन उर्फ फौजी और चरखी दादरी निवासी 22 वर्षीय करण के रूप में हुई है।पकड़े गए आरोपियों में दो कथित शूटर रमन उर्फ फौजी (19) और करण (22) शामिल हैं, जबकि उन्हें पनाह देने और पैसों के लेन-देन में मदद करने वाले दो सगे भाइयों शेखर तिवारी (23) और विनोद तिवारी (30) को भी दबोचा गया है.पुलिस के मुताबिक, जींद निवासी रमन उर्फ फौजी और चरखी दादरी निवासी करण हिमांशु भाऊ सिंडिकेट के लिए सक्रिय रूप से काम कर रहे थे। दोनों पर दिल्ली-हरियाणा समेत अन्य राज्यों में हत्या, हत्या के प्रयास और अंधाधुंध फायरिंग जैसे गंभीर आरोपों में तलाश थी। दिसंबर 2025 में आया नगर हत्याकांड में डेयरी कारोबारी रतन की हत्या के दौरान 70 से अधिक राउंड गोलियां चलने की बात सामने आई थी। इसके अलावा अगस्त 2025 के द्वारका मोड़ हत्याकांड में मोहित डागर की हत्या में भी दोनों की भूमिका सामने आई है। इस वारदात में 20 से ज्यादा राउंड फायरिंग हुई थी।पुलिस के अनुसार दिसंबर 2025 में रोहतक के रितोली गांव में हिमांशु भाऊ के कथित प्रतिद्वंद्वी सनी रितोली पर हमला किया गया था। इस हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी, जबकि चार अन्य घायल हुए थे। दोनों आरोपी इस मामले में भी वांटेड थे। मई 2026 में उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर के ककोड़ में गैंगस्टर नीरज फरीदपुरिया के प्रतिद्वंद्वी जितेंद्र उर्फ जीतू पर कथित रूप से अंधाधुंध फायरिंग करने का मामला भी सामने आया है।
