वाशिंगटन: पांच नवंबर (एपी) अमेरिका में हुये चुनावों के बाद रिपब्लिकन पार्टी को करारी शिकस्त दे कर प्रतिनिधि सभा में बहुमत हासिल करने वाली डेमोक्रेटिक पार्टी के नेता हकीम जेफ्रीज सदन के नये अध्यक्ष बन सकते हैं, और अगर ऐसा होता है तो वह अमेरिकी इतिहास में पहले अश्वेत अध्यक्ष होंगे ।
अमेरिकी संसद ‘कांग्रेस’ का सत्र तीन जनवरी से शुरू होगा। उम्मीदवार बनाये जाने के बाद अगर जेफ्रीज निर्वाचित होते हैं तो यह पहला मौका होगा जब कोई अश्वेत सांसद प्रतिनिधि सभा के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभालेगा।
अमेरिका में यह पद राष्ट्रपति के बाद उत्तराधिकार की सूची में दूसरे स्थान पर आता है। साथ ही, यह कांग्रेस का एकमात्र नेतृत्व पद है, जिसका उल्लेख अमेरिकी संविधान में अनिवार्य रूप से किया गया है।
डेमोक्रेट्स की चुनावी जीत का जश्न मनाने के लिए आयोजित कार्यक्रम में जब जेफ्रीज पहुंचे, तो लोगों ने तालियां बजाकर उनका स्वागत किया और “स्पीकर! स्पीकर!” के नारे लगाए।
जेफ्रीज ने कहा, “यह किसी दलगत राजनीति का नहीं, बल्कि देशभक्ति दिखाने का समय है।’’
उन्होंने कहा कि प्रतिनिधि सभा के डेमोक्रेट सांसद यह अच्छे से समझते हैं कि यह बदलाव के लिए दिया गया जनादेश है और अमेरिकी जनता व्यापक तथा बुनियादी बदलाव की मांग कर रही है।
उन्होंने कहा, “हम आपकी आवाज सुन रहे हैं। हम उस बड़े बदलाव को लाने के लिए कड़ी मेहनत करेंगे, जिसके आप हकदार हैं।”
ब्रुकलिन में जन्मे 56 वर्षीय जेफ्रीज यदि अध्यक्ष चुने जाते हैं, तो वह रिपब्लिकन पार्टी के माइक जॉनसन की जगह लेंगे।
जेफ्रीज ऐसे समय में सदन की कमान संभालेंगे, जब 20वीं सदी के नागरिक अधिकार आंदोलन की कई ऐतिहासिक उपलब्धियों को एक बार फिर चुनौती दी जा रही है।
